रिवॉल्वर अलमारी में रख रहे थे, हाथ से छूटी, हुआ मिसफायर… जानिए गोविंदा को रात अंधेरे कैसे लगी गोली?

हिंदी फिल्म लवर्स के दिलों की धड़कन, एक्टर और पॉलिटिशियन गोविंदा से जुड़ी एक खबर ने मंगलवार सुबह लोगों को शॉक्ड कर दिया. गोविंदा के साथ एक हादसा हुआ और उनकी अपनी ही रिवॉल्वर से चली गोली उन्हें लग गई. इस खबर को सुनकर हर कोई हैरान रह गया. बड़ी राहत की खबर ये है कि गोविंदा के पैर से गोली निकाल दी गई है और अब वो खतरे से बाहर हैं. आइए बताते हैं पूरा घटनाक्रम:


जानकारी के अनुसार गोविंदा को मंगलवार सुबह कोलकाता के लिए निकलना था. वो घर पर अपना सामन वगैरह पैक कर रहे थे और जाने की तैयारियों में लगे थे. 

गोविंदा के पास एक लाइसेंसी रिवॉल्वर है, जिसे उन्होंने केस में रखा और उसे अलमारी में रखने लगे. अलमारी में रखने से पहले उनके हाथ से रिवॉल्वर छूट गया और मिसफायर हो गया. ये बात सुबह 4 बजकर 45 मिनट की है.


मिसफायर से चली गोली गोविंदा के पैर में, उनकी जांघ पर जाकर लगी और वो घायल हो गए. गोविंदा के मैनेजर ने बताया कि उन्होंने खुद ही गोली लगने की जानकारी उन्हें दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. 

गोविंदा को इस हादसे के तुरंत बाद उनके घर के पास क्रिटिकेयर हॉस्पिटल ले जाया गया. गोविंदा के पैर से गोली निकाल दी गई है और उन्हें ICU में रखा गया है. फिलहाल गोविंदा की हालत स्थिर बताई जा रही है. 


जिस वक्त गोविंदा के साथ ये हादसा हुआ, तब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा कोलकाता में ही थीं. गोविंदा के ट्रीटमेंट के दौरान उनकी बेटी टीना हॉस्पिटल में उनके साथ थीं. घटना की जानकारी मिलते ही सुनीता भी कोलकाता से मुंबई के लिए निकल गईं. उनके करीब 12 बजे तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है.


हॉस्पिटल में ट्रीटमेंट के बाद गोविंदा ने खुद अपने फैन्स के लिए अपडेट शेयर किया. हॉस्पिटल से ही ऑडियो मैसेज शेयर करते हुए गोविंदा ने कहा, ‘मैं अब खतरे से बाहर हूं. गलती से गोली चल गई थी. बाबा का आशीर्वाद है. मैं अपने डॉक्टर्स का धन्यवाद करता हूं.’ 

अपने फैन्स का भी आभार जताते हुए गोविंदा ने आगे कहा, ‘आप सब लोगों का आशीर्वाद, मां-बाबा का आशीर्वाद और बाबा की कृपा से जो गोली लगी थी वो निकाल दी गई है. मैं धन्यवाद करता हूं आप सभी का.’


शिवसेना नेता दीपक सावंत भी हॉस्पिटल में गोविंदा को देखने पहुंचे. हॉस्पिटल से बाहर निकलकर उन्होंने बताया, ‘मैं उनके सभी फैन्स को कहना चाहता हूं. गोविंदा जी एकदम ठीक हैं. कुछ भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. ये एक्सीडेंटल इंजरी है और 48 घंटे में उन्हें डिस्चार्ज मिलेगा. डॉक्टर लोगों ने अपना काम अच्छे से किया है.’ 

गोविंदा 90s के दौर में बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार्स में से एक थे. उन्होंने ‘दूल्हे राजा’, ‘हीरो नंबर 1’ और ‘कुली नंबर 1’ जैसी कई आइकॉनिक कॉमेडी फिल्मों में काम किया है. अपनी यादगार कॉमेडी और डांस के लिए पॉपुलर गोविंदा ने इसी साल पॉलिटिक्स में दोबारा एंट्री ली थी. मार्च में गोविंदा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी जॉइन की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *