हिसाब बराबर हो गया, ईरान पर हमले के बाद अमेरिका ने ठोकी इजरायल की पीठ;

अमेरिका ने कहा है कि ईरान पर इजराइल के हमलों से हिसाब बराबर हो चुका है और अब दोनों शत्रु देशों के बीच प्रत्यक्ष सैन्य हमले बंद होने चाहिए। अमेरिका ने ईरान को अब इजराइल पर जवाबी हमले करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। वाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके प्रशासन को लगता है कि इजराइली (सैन्य) अभियान के उपरांत अब दोनों देशों के बीच सीधे सैन्य हमले बंद होने चाहिए और उसने कहा कि अन्य सहयोगी देश भी इससे सहमत हैं।

उन्होंने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने शुक्रवार को पूरे दिन अभियान के बारे में जानकारी दी। वाइट हाउस के नियमों के अनुसार नाम न उजागर करने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि इजराइली अभियान ‘‘व्यापक, सटीक और लक्षित’’ था। उन्होंने कहा कि अमेरिका की इस हमले में कोई संलिप्तता नहीं है। अमेरिका ने इजरायल की पीठ ठोकते हुए कहा है कि यहूदी देश ने बदला भी ले लिया और किसी परमाणु ठिकाने को निशाना भी नहीं बनाया है।

बता दें कि शनिवार की सुबह ही इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया। इजरायल के इस मिसाइल अटैक को ईरान विफल नहीं कर पाया। ईरानी सेना ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि कुछ मिसाइलों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि इजरायल का कहना है कि उसने तेहरान में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है और उससे ईरान को नुकसान हुआ है।

इजरायल ने कहा कि महीने भर से ईरान उसपर बलिस्टिक मिसाइल से अटैक कर रहा था। ऐसे में यह केवल जवाब भर दिया गया है। बता दें कि तेहरान में हमास चीफ की हत्या के बाद से ही ईरान बौखलाया हुआ है और लगातार इजरायल पर हमले की धमकी दे रहा है। वहीं लेबनान में हिजबुल्लाह चीफ की हत्या के बाद ईरान ने हमले भी शुरू कर दिए। पहले से ही आशंका थी कि इजरायल ईरान पर हमले कर सकताहै।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *