स्टाफ ने नर्सिंग छात्रा को मैसेज करके होटल चलने कहा, लड़की ने कॉलेज पहुंचकर पीट दिया

झांसी के एक नर्सिंग इंस्टीट्यूट में एक छात्रा को संस्थान के एक कर्मचारी ने मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर होटल चलने की पेशकश कर दी जिसके बाद गुस्साई छात्रा ने इंस्टीट्यूट पहुंचकर उस स्टाफ को जमकर लताड़ा और फिर पिटाई भी कर दी। कर्मचारी को लड़की द्वारा डांटने और पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर ऐसे ही एक वीडियो पर झांसी पुलिस के एक्स हैंडल से नवाबाद थाना के प्रभारी निरीक्षण को जांच और कार्यवाही का निर्देश दिया गया है।

वीडियो में कर्मचारी को डांट रही लड़की की बातचीत और मिली जानकारी के अनुसार झांसी के एक नर्सिंग इंस्टीट्यूट में नर्सिंग की छात्रा के साथ वहां तैनात कर्मचारी ने अश्लील हरकत की थी। बताया गया है कि छात्रा के विरोध करने पर स्टाफ ने उसकी डिग्री खराब करने तक की धमकी दी थी। लेकिन छात्रा ने बिना डरे उसका विरोध किया और कर्मचारी की पिटाई भी कर दी। छात्रा ने पुलिस को भी मामले की जानकारी दी और वहां बुला लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

वायरल वीडियो में छात्रा कर्मचारी से कह रही है कि वो झांसी की नहीं है, चंडीगढ़ की है और ऐसे लोगों को सबक सिखाना जानती है। वीडियो में कर्मचारी को डांट रही छात्रा कह रही है कि उसने अच्छे से बात क्या कर ली, कर्मचारी ने मैसेज कर दिया। छात्रा की बातचीत से साफ है कि स्टाफ ने लड़की को मैसेज करके किसी होटल चलने कहा था जिसके बाद उसने इंस्टीट्यूट पहुंचकर स्टाफ का भूत उतार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *