क्राइम शो देखकर रची गई थी दिल्ली के मदरसे में कत्ल की कहानी..

उत्तर पूर्वी दिल्ली (Delhi) के दयालपुर में एक मदरसे से बेहद दर्दनाक और परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां मदरसा के बाहर से शुक्रवार की रात तकरीबन 10 बजे एक महिला ने पुलिस को कॉल किया और बताया कि मदरसे में पढ़ने वाले उसके 5 साल के बेटे की तबीयत बहुत खराब है. महिला ने कहा कि उसे शक है कि बेटे के साथ मदरसे के अंदर कुछ गलत हुआ है.

कॉल मिलने के तुरंत बाद पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंचती है और कुछ ही देर में दयालपुर थाने की पुलिस भी मदरसे के बाहर पहुंच गई. मदरसे के बाहर उस वक्त लोगों की भीड़ लगी थी. पांच साल के बच्चे को गोद में लेकर उसकी मां वहीं पर बैठी थी. बच्चे की गर्दन, पीठ और कमर पर बड़े-बड़े फफोले निकले हुए थे.

पुलिस ने बच्चे को फौरन पास के अस्पताल में एडमिट कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाती है. बच्चे की मां ने पहले ही कुछ गलत होने की आशंका जाहिर की थी. लिहाजा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया.

सम्बंधित ख़बरें

अगले दिन यानी शनिवार की दोपहर जब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली तो पुलिस हैरत में पड़ गई. दरअसल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखा था कि बच्चे की मौत की वजह कोई बीमारी नहीं, बल्कि कई अंदरूनी चोट थी, गंभीर चोट थी, जो मारपीट की वजह से आई थी.

यानी यह साफ हो चुका था कि 5 साल के बच्चे की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि मदरसे के अंदर उसका कत्ल किया गया था. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने फौरन इस मामले में मर्डर का केस दर्ज किया और मदरसे में पहुंचकर जांच शुरू कर दी.

सबसे पहले पुलिस ने मदरसे के अंदर के आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज इकट्ठे किए. पीड़ित बच्चों के दोस्तों और मदरसे के अंदर मौजूद दूसरे छात्रों से भी बातचीत की और उसके बाद जो सच सामने आया, वह और भी हैरान और परेशान कर देने वाला था.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 5 साल के बच्चे की हत्या तीन नाबालिग लड़कों ने दी है, इनमें दो की उम्र 11 साल, और एक की 9 साल है. पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के कानून के तहत कार्रवाई शुरू की.

इस हत्याकांड में सबसे ज्यादा चौंकाने और परेशान कर देने वाला कोई तथ्य था तो वह यह था कि हत्या की वजह क्या है? पुलिस को पता लगा कि तीनों बच्चे मदरसे में छुट्टी कराना चाहते थे, क्योंकि वे अपने घर जाना चाहते थे. इसीलिए उन्होंने 5 साल के बच्चे की हत्या की. इस बच्चे को ही इन तीनों ने क्यों टारगेट किया, इस सवाल के जवाब में तीनों ने पुलिस को बताया कि ये उन्हें गाली देकर बात करता था.

तीन बच्चों ने कत्ल की साजिश रची कैसे, पुलिस से छिपाया कैसे? जब इस बारे में जांच की गई तो पता चला कि तीनों बच्चों ने टीवी पर एक क्राइम शो देखा था, जिसमें कुछ बच्चों ने मदरसे में छुट्टी करने के लिए एक बच्चे का कत्ल कर दिया था. तो कत्ल का यह आइडिया इसी क्राइम शो के जरिए इनके दिमाग में आया था, जिसे इन तीनों ने यहां मदरसे के अंदर न सिर्फ आजमाया, बल्कि एक बच्चे की हत्या भी कर दी, वह भी पीट-पीट कर.

फिलहाल मदरसे पर ताला लगा है. तमाम बच्चों को उनके घर भेज दिया गया है. आसपास के लोग गुस्से में नजर आए, लेकिन पुलिस अभी भी इस मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या मदरसे के मैनेजमेंट को जानकारी थी. कहीं जानबूझकर पुलिस से जानकारी छिपाई तो नहीं गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *