उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में भाजपा के पांच नेताओं पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में भाजपा के पांच नेताओं पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 परिणामों की समीक्षा के बाद तैयार की गई रिपोर्ट में ऐसे पांच नेताओं के नाम हाईकमान को भेजे हैं, जिन्होंने चुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ काम किया। रिपोर्ट के साथ इसके साक्ष्य भी हाईकमान को उपलब्ध कराए गए हैं।

इससे इन पांच नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की तलवार लटक गई है। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा संगठन हर लोकसभा क्षेत्र को लेकर समीक्षा कर रहा है। समीक्षा के बाद गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट को लेकर जो रिपोर्ट तैयार हुई है, वह काफी चौंकाने वाली है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के अन्य पदाधिकारियों की मानें तो समीक्षा के दौरान ऐसे 17 नामों पर चर्चा हुई, जिन पर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने के आरोप लगे थे। हालांकि, चर्चा के बाद जो रिपोर्ट हाईकमान को भेजी गई है, उसमें पांच लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें तीन जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इनके विरोध के साक्ष्य भी बैठक में रखे गए थे। इनमें दो जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी निकटवर्ती जिले बुलंदशहर के बताए गए हैं, जबकि अन्य गौतमबुद्धनगर जिले से संबंधित हैं। समीक्षा के बाद तैयार हुई इस रिपोर्ट की चर्चा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच है।

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट में शामिल पांच विधानसभा दो जिलों में बंटी हैं। नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा सीट गौतमबुद्धनगर जिले में हैं। सिकंदराबाद और खुर्जा विधानसभा सीट बुलंदशहर जिले में आती हैं। लोकसभा में बड़ा इलाका बुलंदशहर जिले का होने के कारण वहां के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों का इस लोकसभा क्षेत्र में खासा दखल रहता है।

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर सबसे बड़ी जीत दर्ज कराने वाले डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत से चुनाव लड़ाया। इसका परिणाम है कि वह प्रदेश की सबसे बड़ी जीत दर्ज कराने में कामयाब हो सके। अब चुनाव में किसने विरोध किया वह इस पर चर्चा नहीं करना चाहते। पार्टी हाईकमान ने चुनाव को लेकर समीक्षा की है और संगठन के पदाधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट दी है। उसी रिपोर्ट पर शीर्ष नेतृत्व को फैसला लेना है।

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर प्रदेश की सबसे बड़ी जीत भाजपा ने हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा ने यहां पर जीत की हैट्रिक लगाते हुए 8 लाख 57 हजार 829 मत प्राप्त किए। उनकी जीत का अंतर 5 लाख 59 हजार 472 था। हर बार उनकी जीत का अंतर बढ़ा है। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने 280212 मतों के अंतर से और 2019 में 336922 मतों के अंतर से जीत दर्ज कराई थी।

भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है। एक-एक लोकसभा क्षेत्र को लेकर समीक्षा हो रही है। इसमें प्रत्याशियों से लेकर संगठन के पदाधिकारियों और लोकसभा प्रभारियों से चर्चा कर रिपोर्ट तैयार की गई है। गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर भी कुछ लोगों पर चुनाव में अनुशासनहीनता के आरोप लगे हैं। जिन पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *