सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला है। योगी ने कहा कि चाचा-भतीजे में वसूली की होड़ मची रहती थी। आदमखोर भेड़िए की तुलना करते हुए कहा कि आज कल कुछ जिले में भेड़िए आतंक फैला रहे हैं। कमोबेश यही स्थिति 2017 से पहले प्रदेश की थी। जैसे भेड़िए अलग-अलग जिले में आतंक फैला रहे हैं, चाचा भतीजे के भी जिले बंटे हुए थे। महाभारत के सारे रिश्ते थे। उन्होंने कहा कि जब इन्हें मौका मिला इन्होंने लूट-खसोट की है। इनको फिर से विश्वास करने की जरूरत नहीं है, भले ही कुछ भी बोलें…जनता इनकी गुंडा गर्दी, इनकी अराजकता देख चुकी है। यही नहीं लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अखिलेश यादव के बुलडोजर बयान पर भी पटलवार किया।
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को जवाब देते हुए कहा कि बुलडोजर पर हर व्यक्ति के हाथ फिट नहीं हो सकते। इसके लिए दिल और दिमाग दोनों चाहिए। बुलडोजर जैसी क्षमता और दृढ़ प्रतिज्ञा जिसमें हो वही बुलडोजर चला सकता है। दंगाइयों के आगे नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने वैसे ही पस्त हो जाएंगे। रंग रोगन बदलकर जनता के सामने वही लोग आए हैं जो भर्ती के नाम पर लूट-खसोट करते थे।उन्होंने कहा कि टीपू सुलतान बनने के सपने देख रहे हैं। इन लोगों को मुंगेरी लाल के हसीन पसने देखने की आदत हो गई है, जो कभी पूरी नहीं होगी।
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने मंगलवार को बयान दिया था कि 2027 में सरकार बनने के बाद सभी बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ कर दिया जाएगा। इसी की प्रतिक्रिया में योगी ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अखिलेश यादव पर हमला बोला है।