कंगना रनौत के घर पसरा मातम, नानी के निधन से शोक में डूबा परिवार

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के घर से बेहद दुखद खबर सामने आई है। एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद की नानी इंद्राणी ठाकुर का निधन हो गया है। कंगना रनौत ने खुद इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नानी के साथ अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। कंगना रनौत की नानी का निधन 8 नवंबर यानी शुक्रवार की रात को हुआ। उन्होंने शनिवार को अपने फैंस को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी नानी को कुछ दिन पहले ब्रेन स्ट्रोक हुआ था।

कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर पहली स्टोरी लगाई। तस्वीर में कंगना रनौत अपनी नानी के साथ जोर से हंसती नजर आ रही हैं। इस तस्वीर पर कंगना रनौत ने लिखा- कल रात मेरी नानी इंद्राणी ठाकुर जी का देहांत हुआ। सारा परिवार शोक में है। कृप्या उनके लिए प्रार्थना करें।”

कंगना रनौत ने नानी के साथ एक और तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- “मेरी नानी एक अद्भुत महिला थीं, उनके 5 बच्चे थे। नाना जी के पास सीमित संसाधन थे, फिर भी उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि उनके सभी बच्चों को अच्छे संस्थानों में उच्च शिक्षा मिले और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी शादीशुदा बेटियों को भी काम करना चाहिए और अपना खुद का करियर बनाना चाहिए, उनकी बेटियों को भी सरकारी नौकरी मिली जो उन दिनों एक दुर्लभ उपलब्धि थी, महिलाओं समेत उनके सभी 5 बच्चों का अपना करियर था, उन्हें अपने बच्चों के करियर पर बहुत गर्व था।”

कंगना ने अपनी स्टोरी में बताया कि उनकी नानी की उम्र 100 साल से ज्यादा थी फिर भी वो अपना सारा काम खुद ही करती थीं। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले वो अपना कमरा साफ कर रही थीं और तब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिस वजह से वो पूरी तरह बिस्तर पर चली गईं थीं और उनको उस हालत में देखना बहुत ज्यादा दर्दनाक था। उन्होंने एक शानदार जीवन जिया और हम सब के लिए एक प्रेरणा बनीं। वो हमारे DNA में हमेशा रहेंगी और हमारी यादों में हमेशा रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *