‘टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली और रोहित शर्मा की कोई तुलना नहीं’, दिग्गज की अपील- दोनों को क्लब ना करें

नई दिल्ली. विराट कोहली और रोहित शर्मा। भारतीय क्रिकेट का एक लंबा दौर इन दो दिग्गज क्रिकेटरों से पहचान पाता है। दोनों तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान रहे। दोनों ने एक साथ टी-20 क्रिकेट को अलविदा कहा। टेस्ट क्रिकेट से भी दोनों ने लगभग एक साथ संन्यास लिया। पहले रोहित ने फिर 5 दिन बाद विराट कोहली ने। इसीलिए आज के भारतीय क्रिकेट की बात होती है तो अक्सर इन दोनों का एक साथ नाम लिया जाता है। लेकिन संजय मांजरेकर नहीं चाहते कि टेस्ट क्रिकेट की चर्चा के दौरान इन दोनों का नाम एक साथ लिया जाए।

पूर्व क्रिकेट मांजरेकर ने क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स से अपील की है कि जब टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन की बात हो तो रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम एक साथ न लिया जाए। उन्हें क्लब न किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि टेस्ट फॉर्मेट में दोनों की कोई तुलना ही नहीं है। अगर SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में उनके प्रदर्शन की बात करें तो कोहली बहुत ही आगे हैं।

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर एक वीडियो में मांजरेकर कहते हैं, ‘हाल ही में भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बताया है कि इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज के दौरान वह रोहित शर्मा और विराट कोहली की गैरमौजूदगी का किस तरह दबाव महसूस करेंगे…यह सिर्फ बयान की बात नहीं है, असल में ऐसा होता है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक साथ क्लब करके देखा जाता है।’

मांजरेकर ने आगे कहा, ‘यहां तक कि उनके लिए एक टर्म भी इस्तेमाल होता है- RoKo (रोहित-कोहली)। वाइट बॉल क्रिकेट में मैं इसे समझ सकता हूं। इसमें दोनों की तुलना हो सकती है। एक बहस और चलती है लेकिन उसकी बात बाद में कभी। जब रेड बॉल क्रिकेट की बात आती है तो दोनों के बीच कोई तुलना ही नहीं है। मैं कभी भी दोनों को एक ही ब्रैकेट में नहीं रखूंगा।’

मांजरेकर वीडियो में दोनों के टेस्ट में प्रदर्शन के बारे में बात करके अपने पॉइंट को सही ठहराने की कोशिश की भी। उन्होंने कहा, ‘जब SENA देशों की बात आती है जो किसी भी बल्लेबाज की असली कसौटी होती है तो विराट कोहली के खाते में 12 शतक हैं। रोहित शर्मा के नाम सिर्फ 1 शतक है जो उन्होंने 2021 में ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा था। उन्होंने 100 से ज्यादा पारियां खेली लेकिन SENA देशों में सिर्फ एक शतक है। उनका औसत भी 40 का है।’

संजय मांजरेकर आगे कहते हैं, ‘अगर वह (रोहित शर्मा) खेलना जारी रखते या इंग्लैंड गए होते तो उनका औसत 30 में आ जाता…इसलिए जब टेस्ट क्रिकेट की बात आती है तो रोहित शर्मा की तुलना में विराट कोहली एक अलग ही लीग में हैं। दोनों को एक ब्रैकेट में रखना प्लीज Roko यानी बंद करो।’

विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने ही इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उसके बाद शर्मा की जगह पर शुभमन गिल को टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *