पैसों को लेकर हुआ झगड़ा, परिचित ने ही युवक को मार दी गोली और फिर…

यूपी के मथुरा में मामूली विवाद के बाद एक शख्स को गोली मार दी गई. गायत्री नगर क्षेत्र में गुरुवार रात पैसों के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद 31 साल के युवक पर आरोपी ने फायरिंग कर दी. पीड़ित लक्ष्मण का अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

गोलीबारी की यह घटना रिफाइनरी थाना क्षेत्र में हुई हैं. इलाके की  सीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि लक्ष्मण को उसके परिचित रमन बिहारी (25) ने छाती में गोली मारी है. घटना के बाद रमन मौके से फरार हो गया. पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर लक्ष्मण को अस्पताल पहुंचाया.

युवक को सीने में लगी गोली

न्यूज एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना का कारण पैसों का लेन-देन बताया है. दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो गुरुवार रात झगड़े में बदल गया.

पुलिस ने बताया कि रमन को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना से स्थानीय क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है.

इसको लेकर सीओ श्वेता वर्मा ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी. 

इसके साथ ही उन्होंने इलाके के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और कहा है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *