आरा में 2 दोस्तों की लाश मिलने से मचा हड़कंप, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

बिहार के आरा जिले में नारायणापुर थाना क्षेत्र में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की. मृतकों की पहचान आनंद नगर मुहल्ला निवासी संतोष कुमार सिंह के 18 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार सिंह और संतोष कुमार राय के 27 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों को चवरिया गांव स्थित आहर से बरामद किया. 

मृतक रजनीश के माता-पिता ने बताया कि 12 तारीख को विजयदशमी के दिन उनका बेटा अपने दोस्त रौशन के साथ घर से निकला था. जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने फोन किया. फोन पर उसने बताया कि वो एकवारी गांव में प्रकाश भईया के पास है. इसके बाद से दोनों का फोन बंद हो गया. परिजनों ने स्थानीय थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. 

सोमवार को पुलिस ने सूचना दी कि दोनों युवकों के शव आहर से मिले हैं. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि शवों पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे यह साफ हो रहा है कि उनकी हत्या की गई है. रजनीश की मां ज्ञानती देवी और पिता संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले रजनीश का एक प्राइवेट स्कूल में करमन टोला निवासी रोहित कुमार से विवाद हुआ था, जिसमें रोहित ने रजनीश को जान से मारने की धमकी दी थी. परिजनों को शक है कि उसी विवाद को लेकर रजनीश और रौशन की हत्या की गई है.

घटना की सूचना पर नारायणपुर थाना के एसआई अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को आहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश में जुटी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *