दिवाली और छठ पर नहीं लगेगी भीड़, रेलवे स्टेशन पर बनेंगे पंडाल; यात्रियों को राहत

दीवाली और छठ के दौरान दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से रोजाना लाखों लोग पूर्व की तरफ सफर करेंगे। पहली बार नई दिल्ली स्टेशन पर आरक्षित और अनारक्षित टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अलग पंडाल बनाए जा रहे हैं। आनंद विहार स्टेशन पर भी पंडाल बनाए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर तैयारी की गई है। दोनों जगहों पर प्लेटफॉर्म पर जाने से पूर्व यात्रियों के रुकने के लिए पंडाल बनाए गए हैं।

अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती होगी

अधिकारियों के अनुसार आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर खुले हुए सब-वे और प्लेटफॉर्म की वजह से भीड़ को नियंत्रित करना आसान होता है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी यहां रेलगाड़ी को बंद दरवाजे के साथ स्टेशन पर लाया जाएगा ताकि लोगों में भगदड़ ना मचे। प्लेटफॉर्म पर रस्सी के माध्यम से बैरिकेड बनाया जाएगा। इसके पीछे यात्रियों को रखा जाएगा। प्रवेश द्वार पर जांच करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती होगी।

प्लेटफॉर्म कम चौड़े होने के कारण होगी परेशानी

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। यहां पर प्लेटफॉर्म कम चौड़े हैं और कई प्रवेश द्वार हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों को अलग-अलग रखने का निर्णय लिया गया है। खासतौर से गाड़ी संख्या 12566 (बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस), 12394 (संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस), 12554 (वैशाली एक्सप्रेस) और 12802 (पुरुषोत्तम एक्सप्रेस) का परिचालन प्लेटफॉर्म संख्या 16 से किया जाएगा, जिससे कि यात्रियों को परेशानी नहीं हो।

उत्तर रेलवे की ओर से हो रहे बंदोबस्त

● आनंद विहार, नई दिल्ली, निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा

● आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मेडिकल टीम की तैनाती होगी

● यात्रियों के लिए खाने-पीने के अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएंगे

● पीने के पानी एवं अतिरिक्त शौचालय की व्यवस्था की जाएगी

● बीते वर्ष के मुकाबले तीन गुना बड़ा पंडाल लगाया जाएगा

● रेलवे के अतिरिक्त कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी

● 18 अनारक्षित रेक रिजर्व में रखे जाएंगे। इनका इस्तेमाल आवश्यकतानुसार किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *