कमल का बटन दबाने से पहले सोच लेना; दिल्लीवालों से क्या बोले केजरीवाल, दिखाए 6 डर

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए अपने नए कैंपेन का आगाज कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ‘रेवड़ी पर चर्चा’ के नाम से नए अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में 65 हजार बैठकों के जरिए जनता से पूछा जाएगा कि वह मुफ्त की स्कीमों को जारी रखना चाहते हैं या बंद करवाना चाहते हैं। केजरीवाल ने जनता को 6 मुफ्त की रेवड़ी गिनाते हुए कहा कि यदि भाजपा आ गई तो इन्हें बंद कर दिया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि कमल का बटन दबाने से पहले सोच लेना, भाजपा आई तो मुफ्त बिजली, पानी, इलाज को खत्म कर देगी।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमने काम तो बहुत किए हैं, मोटे तौर पर हमने दिल्ली के लोगों को 6 मुफ्त की रेवड़ी दी है। प्रधानमंत्री जी कई मंचों से बोल चुके हैं कि केजरीवाल मुफ्त की रेवड़ी दे रहा है यह बंद होनी चाहिए। हम जनता को बताना चाहते हैं कि हम 6 मुफ्त की रेवड़ी दे रहे हैं, बीजेपी खुलेआम कह रही है इसको बंद होना चाहिए। दिल्ली की जनता हमें ताए कि यह छह मुफ्त की रेवड़ी चाहिए या नहीं। यह 6 रेवड़ी, 6 सुविधाएं हैं, जो दिल्ली की जनता के पैसों से उन्हें दी जा रही हैं।

केजरीवाल ने कहा कि यदि ‘आप’ की जगह भाजपा को वोट दिया तो दिल्ली में लंबे पावर कट लगने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा,’ पहली रेवड़ी है- फ्री बिजली और नो पावर कट। बीजेपी की 20 राज्यों में सरकारें हैं, एक भी राज्य में 24 घंटे बिजली नहीं। गुजरात में 30 साल से सरकार है फिर भी बिजली कट लगता है। यह टेक्निकल मामला है, मैं इंजीनियर हूं, मुझे आता है इन्हें नहीं आता। अगर दिल्ली में आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया, बीजेपी को वोट दिया तो 8-10 घंटे के पावर कट लगने चालू हो जाएंगे। कमल का बटन दबाने से पहले सोच लेना कि आप लंबे लंबे पावर कट के लिए बटन दबा रहे हो, नहीं तो झाड़ू का बटन दबा देना। यदि दिल्ली में बीजेपी को वोट दे दिया तो फिर से कई हजार के बिल आने लगेंगे। यदि 24 घंटे बिजली और सस्ती बिजली चाहिए तो यह सिर्फ आप सरकार दे सकती है।’

केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार दूसरी रेवड़ी के तहत हर महीने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देती है। इनकी (भाजपा) 20 राज्यों में कहीं भी पानी मुफ्त नहीं है। जब मैं जेल गया था इन्होंने पता नहीं क्या गड़बड़ की, कई लोगों के मुझे पता चला कि हजारों रुपए के गलत बिल आ गए हैं। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं, आम आदमी पार्टी को जितवा दो हम बिल माफ कर देंगे। आपने कमल का बटन दबा दिया तो आपको बिल भरना पड़ेगा, यह सोच लेना कमल का बटन दबाने से पहले।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *