राहुल गांधी के पोर्टफोलियो में भी ये तगड़ा स्टॉक, आज अचानक 12% तक चढ़ा शेयर..

कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी के पोर्टफोलियो (Rahul Gandhi Portfolio) में कई स्‍टॉक हैं, जिसने राहुल गांधी के पोर्टफोलियो को तगड़े मुनाफे में रखा है. इसमें से एक केमिकल, फार्मा, फूड और एनर्जी इंडस्ट्री को सर्विस प्रोवाइडर GMM Pfaudler का स्‍टॉक भी शामिल है. आज यानी 28 अगस्‍त को इसके शेयरों में तूफानी तेजी देखी गई. ब्‍लॉक डील के कारण इस शेयर में बड़ी तेजी आई. इंट्रा-डे के दौरान GMM Pfaudler के शेयर 12 फीसदी तक चढ़ गए. 

मुनाफावसूली के चलते इस कंपनी के शेयर भाव में थोड़ी नरमी आई, कारोबार के अंत में GMM Pfaudler के शेयर BSE पर यह 3.35% के उछाल के साथ 1,402.85 रुपये पर बंद हुआ. जबकि इंट्रा-डे के दौरान शेयर 12.81 फीसदी उछलकर 1530.80 रुपये के लेवल तक पहुंच गया था. पिछले 6 महीने के दौरान इस स्‍टॉक में सिर्फ 5.29 फीसदी की तेजी आई है. वहीं एक महीने में इसने 4 फीसदी का निगेटिव रिटर्न पेश किया है. 

आज 28 अगस्त को GMM के 557.3 करोड़ रुपये के शेयरों की ब्लॉक डील हुई. इसके तहत करीब 41.2 लाख शेयरों का लेन-देन हुआ, जो कंपनी की 9.2 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. यह ब्लॉक डील 1352 रुपये के भाव के प्राइस पर हुआ. हालांकि अभी तक सामने नहीं आया है कि यह ब्लॉक डील किनके-किनके बीच हुआ. 


जनवरी से लेकर अभी तक इस स्‍टॉक में 11 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट आई है. एक जनवरी को यह शेयर 1592 रुपये पर था, जो अब 11 प्रतिशत से ज्‍यादा टूटकर 1,402.85 रुपये पर आ चुका है. वहीं एक साल पहले यह स्‍टॉक 1548 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जिसमें अभी तक 9.40 फीसदी की कमी आई है. पिछले पांच साल के दौरान इस शेयर में 185.45% की तेजी आई है. 


राहुल गांधी के पोर्टफोलियो के मुताबिक, इस कंपनी के राहुल गांधी के पास 1121 शेयर हैं. राहुल गांधी के पोर्टफोलियो का खुलासा लोकसभा में दाखिल किए गए हलफनामे से हुआ है. इस कंपनी के जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के हिसाब से इसमें म्यूचुअल फंड्स की 10.44 फीसदी और विदेशी निवेशकों की 22.20 फीसदी हिस्सेदारी है. 


GMM Pfaudler के शेयर 9 मार्च 2018 को 234 रुपये के भाव पर थे. इस अवधि में इसने 500 फीसदी का रिटर्न दिया है. इस शेयर में पिछले कुछ सालों में खूब तेजी दिखाई और अधिकतम 2000 रुपये के लेवल को पार किया है. हालांकि इसके बाद इस स्‍टॉक में गिरावट आई और यह 1400 रुपये के भाव पर आ चुका है. इसके 52 सप्‍ताह का हाई लेवल 1,897.95 रुपये है और इसके 52 सप्‍ताह का निचला स्‍तर 1,143.10 रुपये है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *