केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई में आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सघन इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के सूत्रों ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कई धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्र ने कहा कि ऐसी जगहों पर मॉक ड्रील भी चलाए गए हैं। मुंबई पुलिस के तमाम डीसीपी को अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि शहर के मंदिरों को भी अलर्ट किया गया है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के लिए कहा गया है।
एनडीटीवी से बात करते हुए सिद्धिविनायक मंदिक के चेयरमैन सदा सर्वंकर ने कहा, ‘हमें मुंबई पुलिस के द्वारा मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया है। हमें तमाम सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।”
आपको बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने तमाम भीड़ वाले इलाकों में मॉक ड्रील चलाया। इस दौरान शहर के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी इसका आयोजन किया गया। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए इस तरह की व्यवस्था की गई है।
आपको बता दें कि मुंबई में हाल में 10 दिनों तक गणेश चतुर्थी का आयोजन किया गया। अब शहर में बड़े धूमधाम से दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली मनाने की तैयारी चल रही है। पको यह भी बता दें कि इसी साल नवंबर महीने में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं।