यूके से आई थी लखनऊ के 9 होटलों को उड़ाने की धमकी, पुलिस ने दूतावास से साधा संपर्क

लखनऊ के नौ होटलों को बम से उड़ाने की धमकी यूनाइटेड किंगडम (यूके) से दी गई थी। यह सनसनीखेज राजफाश साइबर क्राइम सेल की तफ्तीश में हुआ। टीम की तफ्तीश में पता चला कि धमकी देने वाली मेल आईडी Sandyhookchildkilling@outlook.com का आईपी एड्रेस यूके का है।

साइबर क्राइम सेल टीम ने इसकी सूचना आनन फानन उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद दूतावास से पुलिस संपर्क कर रही है। अब इस संबंध में यूके सरकार से पत्राचार भी किया जा रहा है। तफ्तीश में लगी पुलिस टीम मेल आइडी कहां से संचालित है? कौन इसे संचालित कर रहा है? धमकी भरे मैसेज को भेजने का आखिर मकसद क्या था? इसके पीछे क्या नीति है? इन सब बिंदुओं की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही खुफिया एजेंसियां भी इसमें लग गई हैं। खुफिया विभाग इस लिंक को गुजरात के होटलों और विमानों को मिली धमकी से भी जोड़ कर देख रही है।

कड़ी से कड़ी जोड़कर तमाम बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। रविवार को होटल मैरियट, लेमन ट्री, पिकेडली, क्लार्क अवध समेत 9 होटलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। होटलों को धमकी भरे ई-मेल मिलते ही हड़कंप मच गया था। पुलिस भी सक्रिय हो गई थी। डॉग स्क्वायड के साथ होटलों की तलाशी ली थी। ई-मेल संदेश में ‘नमस्ते, आपके होटल में काले रंग के बैग में बम छिपाए गए हैं। मुझे 55 हजार डॉलर चाहिए, नहीं तो विस्फोट कर दूंगा और हर जगह खून फैल जाएगा। बम को निष्क्रिय करने का कोई भी प्रयास किया गया तो विस्फोट कर दिया जाएगा’। यह लिखा गया था।

साइबर क्राइम के एसीपी अभिनव ने कहा कि होटलों को उड़ाने की धमकी यूके की ईमेल आईडी से आई थी। उसके नेटवर्क समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी की जा रही है। मेल आईडी कब से और कौन संचालित कर रहा था, इसका पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *