मार्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्‍तों को स्‍कार्पियों ने रौंदा, तीनों की दर्दनाक मौत

यूपी के कुशीनगर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां कसया थाना क्षेत्र में फोरलेन पर मार्निंग वॉक कर रहे तीन युवकों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंद दिया। इनमें दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई जबकि तीसरे युवक ने इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों आपस में दोस्त थे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कसया थाना क्षेत्र में फोरलेन के किनारे स्थित पकवा इनार डुमरी निवासी अमन भारती ( उम्र 19 वर्ष) पुत्र सीताराम, पिपरी निवासी अंशु गुप्ता (उम्र 19 वर्ष) पुत्र मुन्नर गुप्ता और पकवा इनार डुमरी निवासी साहिल पटेल (उम्र 18 वर्ष) पुत्र विनोद पटेल बुधवार को सुबह फोरलेन की सर्विस लेन पर टहलने निकले थे। पकवा इनार चौराहे के पास बिहार की ओर से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से तीनों को ठोकर मार दी। तीनों युवक सड़क पर गिर कर अचेत हो गए। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे तब तक स्कॉर्पियो छोड़ कर उसमें सवार सभी लोग फरार हो गए।

ग्रामीणों ने तीनों युवकों को गंभीर हालत में सीएचसी कसया पहुंचाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने अमन और अंशु को मृत घोषित कर दिया। साहिल की भी हालत गंभीर थी। परिजन उसे आनन-फानन में लेकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां इलाज के दौरान साहिल की भी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *