यूपी के शाहजहांपुर जिले में मार्निंग वॉक को निकले तीन लोगों को एक डग्गामार ईको गाड़ी ने कुचल दिया। दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रेफर किया गया। ईको वाहन भी कुचलने के बाद आगे जाकर लोहे के एक एंगिल से टकरा कर फंस गया। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जलालाबाद के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी विनोद गुप्ता उर्फ गुरुख्खा, मोहल्ला गांधीनगर निवासी श्रीकृष्ण, मोहल्ला दयाल नगर निवासी नन्हकू मिश्र प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक को निकले थे। टहलने के दौरान तीनों बरेली रोड स्थित हाईवे की पूरब दिशा में देवकी चक्की वाले के घर के सामने पटिया पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कटरा की ओर से तेज रफ़्तार डग्गामार ईको गाड़ी तीनों को रौंदती हुई सड़क किनारे लोहे की रॉड में अटक गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह हुए हादसे से हड़कंप मच गया, लोग शोर करने लगे। इसी दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इस हादसे में बर्तन व्यापारी विनोद गुप्ता एवं स्कूल संचालक श्रीकृष्ण की मौके पर ही मौत हो गईं, जबकि नन्हकू को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।