शिमला. हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के मीडिया कोऑर्डिनेटर टिंकू जिंदा की हादसे में मौत हो गई है. सिरमौर जिले के हरिपुरधार में हेलिपेड के पास वह रात के अंधेरे में पैर फिलसने के बाद ढांक से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई. फिलहाल, हादसे के सही कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है.
जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के शिलाई के लाघी इलाके के जरवां गांव के रहने वाले टिंकू जिंटा सुक्खू सरकार में हर्षवर्धन चौहान के मीडिया कोऑर्डिनेटर थे. बताया रहा है कि बीती रात को हरिपुरधार धार में हेलीपेड के पास उनका पैर फिसला और वह पहाड़ी से नीचे गिर गए. बस्ती राम शर्मा के सुपुत्र बेटे टिंकू का शनिवार को संगडाह अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया है और इसके बाद अंतिम दाह संस्कार जरवा में किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि हरिपुरधार में हेलीपैड के पास अंधेरे में यह घटना पेश आई. उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. हालांकि, उनके साथ मौजूद मित्रों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए संगडाह अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हर्षवर्धन चौहान ने टिंकू के निधन पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र के जरवा से संबंध रखने वाले हमारे निजी सोशल मीडिया इंचार्ज टिंकू जिंटा के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. इसी तरह सिरमौर के रेणुका जी से कांग्रेस विधायक विनय कुमार ने भी कांग्रेस कार्यकर्ता के निधन पर दुख व्यक्त किया है.