ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर आज छात्रों ने कोलकाता में नबन्ना भवन के घेराव का ऐलान किया है.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर कोलकाता में छात्रों ने ‘नबन्ना अभियान’ प्रदर्शन का ऐलान किया है. बता दें कि हाबड़ा में स्थित नबन्ना भवन राज्य सचिवालय है. इस प्रदर्शन को लेकर कोलकाता में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है. हाबडा ब्रिज को सील कर दिया गया है. ब्रिज पर लोहे की दीवार खड़ी की गई है और उसे मोबिल से चिकना कर दिया गया है ताकि कोई उसपर चढ़ न सके. 

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कोलकाता पुलिस ने दिल्ली वाला फॉर्मूला अख्तियार किया है. जैसे दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लोहे की दीवार खड़ी की गई थी. ठीक उसी तरह कोलकाता में इस प्रदर्शन को रोकने के लिए दीवार खड़ी की गई है.

बता दें कि पश्चिमबंगा छात्र समाज नाम के संगठन ने यह प्रदर्शन बुलाया है. बीजेपी ने भी इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है. टीएमसी ने इस प्रदर्शन को बीजेपी का साजिश बताया है. कोलकाता की सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात है. ड्रोन से निगरानी की जा रही है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. शहर में छिटपुट बारिश हो रही है लेकिन पुलिस बल तैनात है. सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है. जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं.

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कोलकाता के हाबड़ा ब्रिज को सील कर दिया गया है. किसी भी वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं है. भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं. बारिश के बावजूद कोलकाता पुलिस कमिश्नर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. लोहे की दीवार से इस ब्रिज को सील किया गया है. 

इस प्रदर्शन का आयोजन रवीन्द्रभारती विश्वविद्यालय के एमए छात्र प्रबीर दास, कल्याणी विश्वविद्यालय के शुभंकर हलदर और सयान लाहिड़ी नामक छात्रों द्वारा बुलाया गया है. इन छात्रों का कहना है कि उनका राजनीति से लेना-देना नहीं है लेकिन उनकी मांग है कि ममता बनर्जी सीएम पद से इस्तीफा दें.

सयान लाहिड़ी ने कहा कि विरोध एक फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ है. उन्होंने कहा कि हमारी 3 मांगे हैं. अभया के लिए न्याय, अपराधी के लिए मौत की सजा और ममता बनर्जी का इस्तीफा.

कोलकाता पुलिस ने बताया कि ‘नबन्ना अभियान’ को देखते हुए शहर में 6000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. कुल 19 पॉइंट पर बैरिकेड लगाए गए हैं. अलग,अलग महत्वपूर्ण जगहों पर 5 एल्युमीनियम बैरिकेड बनाए गए हैं. नबन्ना भवन के बाहर कोलकाता पुलिस और हावड़ा सिटी पुलिस का 3 लेयर सुरक्षा घेरा रहेगा. अधिकारियों को अधिक सतर्क रहने और सीसीटीवी फुटेज की निगरानी की अपील की गई है. वाटर कैनन और बज्र वाहन भी तैयार रखे गए हैं.

कोलकाता पुलिस ने नबन्ना अभियान के आयोजकों को मेल कर उन नेताओं की जानकारी मांगी है जो रैलियों का नेतृत्व करेंगे. कितने लोग जुटेंगे, कहां से और कितनी रैलियां शुरू की जाएंगी, रूट क्या होगा इत्यादि जानकारियां पुलिस ने आयोजकों से मांगी हैं. हालांकि, पुलिस अभी तक आयोजक की ओर से कोई जवाब नहीं मिला.  कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर पर विशेष इंतजाम होंगे. पुलिस के पास वहां बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने की खुफिया रिपोर्ट है. इंटेल रिपोर्ट के मुताबिक, दो सबसे बड़ी रैलियां कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर और कोलकाता के संतरागाछी से आयोजित की जाएंगी. 

27 अगस्त को यूजीसी,नेट परीक्षा भी आयोजित होनी है. सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और फिर दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होना है. कोलकाता पुलिस ने कहा है कि किसी भी यूजीसी,नेट उम्मीदवार को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई न हो, इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.

सत्तारूढ़ टीएमसी ने इस प्रदर्शन के लिए विपक्ष को जिम्मेदार बताया है. टीएमसी का कहना है कि विपक्ष राज्य में अशांति फैलाना चाहती है और माहौल बिगाड़ने के लिए उसने इस प्रदर्शन को हवा दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *