रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम कुर्रूभांठा के पास आज सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना कुर्रूभांठा से बिंजेकोट मार्ग (सारडा एनर्जी कंपनी) पर ग्राम कुर्रूभांठा मोड़ के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक क्रमांक (CG13S0466) का सवार, जो दर्रामुड़ा निवासी है, किसी काम से चपले से अपने घर वापस आ रहा था। तभी, सामने से आ रही बाइक क्रमांक (CG13AX6327) से उसकी ज़बरदस्त भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर लैलूंगा क्षेत्र के रहने वाले तीन लोग सवार थे और वे जैमुरा जा रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और चलने की स्थिति में नहीं रहीं। इस दुर्घटना में दोनों बाईकों पर सवार चार लोगों को चोटें आई हैं। स्थानीय युवा नेता मुकेश पटेल की मदद से घायलों को तत्काल सारडा एनर्जी कंपनी की एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया है। बताया गया है कि बाइक क्रमांक (CG13S0466) पर सिर्फ एक ही व्यक्ति सवार था, जबकि बाइक क्रमांक (CG13AX6327) पर तीन लोग सवार थे।