इंदौर, इंदौर में अक्टूबर महीने में ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भाग लेने आईं 2 ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ की घटना के बाद अब एक महिला निशानेबाज से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पुलिस की एक अधिकारी ने बताया कि भोपाल से पुणे जा रही 30 वर्षीय महिला निशानेबाज से एक यात्री बस में छेड़छाड़ की घटना हुई। शराब के नशे में बस के ड्राइवर और क्लीनर ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना ने बताया कि महिला निशानेबाज के साथ यह वारदात रविवार रात को भोपाल से इंदौर होते हुए पुणे जा रही एक निजी ट्रेवल्स की यात्री बस में हुई। बस के ड्राइवर और क्लीनर ने कथित तौर पर बुरी नीयत से महिला निशानेबाज को बैड टच किया और उसके साथ बदसलूकी की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यात्री बस के ड्राइवर और क्लीनर दोनों ने शराब के नशे में उक्त वारदात को अंजाम दिया। बस इंदौर में तब रुकी जब स्थानीय पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों और वाहन चालकों की जांच कर रही थी। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बुरी तरह डर गए और बस छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने निजी ट्रेवल्स के संचालक से बात करके दूसरे ड्राइवर और क्लीनर का इंतजाम कराया जिसके बाद अंतरराज्यीय यात्री बस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पीड़िता ने कथित छेड़छाड़ को लेकर इंदौर पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई जिस पर कदम उठाया जा रहा है।
पिछले अक्टूबर महीने में आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलने आईं ऑस्ट्रेलिया की 2 महिला क्रिकेटरों के साथ भी छेड़छाड़ की घटन एमपी के इंदौर में सामने आई थी। आरोपी ने खजराना रोड इलाके में कथित तौर पर इन महिला खिलाड़ियों का पीछा किया और उनमें से एक को गलत तरीके से छुआ और भाग गया था। दोनों महिला क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकल कर एक कैफे की ओर जा रही थीं तभी उनके साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। पुलिस की पकड़ में आरोपी लंगड़ाता नजर आया था।