महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ होगा खेला! देर रात सीएम एकनाथ शिंदे से मिले दो विधायक

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में कम ही वक्त बचा है। अक्टूबर या नवंबर में इलेक्शन होने हैं और उससे पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगता दिख रहा है। पार्टी के दो विधायकों ने मंगलवार देर रात सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है। इसके बाद से कयास तेज हैं और कहा जा रहा है कि दोनों पार्टी भी बदल सकते हैं। इन विधायकों के नाम हैं- हीरामन खोसकर और जितेश अंतापुरकर। दोनों सीएम के आवास वर्षा बंगले पहुंचे। दोनों ने देर रात मुख्यमंत्री से मुलाकात की। एक महीने पहले हुए विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस के वोट बंट गए थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई की गई है। इसलिए पार्टी ने संकेत दिया है कि उन विधायकों को अगले चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि ये नेता टिकट कटने के डर से शिंदे सेना में ही एंट्री कर सकते हैं। जितेश अंतापुरकर नांदेड़ की डेगलूर सीट से विधायक हैं, जबकि हिरामन खोसकर नासिक के इगतपुरी से चुने गए हैं। अंतापुरकर को भाजपा सांसद अशोक चव्हाण का करीबी माना जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। तब अंतापुरकर का नाम चर्चा में था। ऐसी चर्चा थी कि अंतापुरकर भी पार्टी छोड़ देंगे।

हालांकि दोनों विधायकों ने इस पर सफाई दी है और कहा कि उनकी दलबदल की कोई योजना नहीं है। वे अपने इलाकों के लिए कुछ मदद मांगने पहुंचे थे। अंतापुरकर ने कहा कि ई-फसल निरीक्षण रिपोर्ट को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री शिंदे से मुलाकात की। अंतापुरकर ने कहा कि 2023 में भारी बारिश के दौरान डेगलूर और बिलोरी में किसानों को भारी नुकसान हुआ। लेकिन अभी तक उन्हें मदद नहीं मिली है। उसके लिए मैंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। कपास और सोयाबीन उगाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 5,000 मिलते हैं। यह सहायता अल्प है और अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। अंतापुरकर ने कहा, इसीलिए मैंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

इगतपुरी विधायक हीरामन खोसकर ने भी शिंदे के दौरे के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वहां दो या तीन छात्रों के काम थे। समाज कल्याण का खाता मुख्यमंत्री के पास है। इसलिए मैं उनसे मिलने गया। उन्होंने शिंदेसेना के साथ जाने की चर्चाओं पर भी जवाब दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि मैं जहां हूं, वहीं रहूंगा और 100 फीसदी टिकट हासिल करूंगा। उनसे पूछा गया कि क्या आपकी पार्टी के वरिष्ठों को इस बात का अंदाजा था कि आप शिंदे के पास जाएंगे। मैं उस पर फंड के लिए हर मंत्री के पास जाता हूं।’ वह उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास भी गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *