उत्तर बस्तर कांकेर, 20 मई 2025/ सुशासन तिहार के तहत जिले के चारामा ब्लॉक की ग्राम पंचायत लखनपुरी में आज समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों के आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी विभागीय अधिकारियों के द्वारा दी जा गई। उक्त समाधान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास सुशासन तिहार के जरिए किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत लखनपुरी में आयोजित समाधान शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित राष्ट्र बनाने में लगे हैं और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय प्रदेश को विकास की ओर ले जा रहे हैं, वैसे ही कांकेर जिले को भी विकसित जिलों की श्रेणी में लाना है। उन्होंने कहा कि “2047 तक विकसित भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर शिविर स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिसमें खाद्य विभाग द्वारा 4 ग्रामीणों को राशन कार्ड प्रदान किया गया। इसी तरह मनरेगा के अंतर्गत 08 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 02 बच्चों का अन्नप्राशन एवं 7 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न की गई। इसी तरह समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 जरूरतमंद ग्रामीणों को निःशुल्क छड़ी वितरित की गई, आदिवासी विकास विभाग द्वारा छात्रावास में अध्ययनरत कक्षा 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सांसद श्री नाग द्वारा मैडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 10 लखपति दीदियों को भी सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, एसडीएम चारामा श्री नरेन्द्र बंजारा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा, जनपद अध्यक्ष जागेश्वरी भास्कर, जनपद सदस्य समीर कुरैशी सहित लखनपुरी क्लस्टर के सरपंच व जनप्रतिनिधिगण और जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।