अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की जिला जेल में कार्रवाई: लंबित मामलों की समीक्षा और कैदियों की रिहाई की प्रक्रिया तेज करने का प्रयास

महासमुंद। जिला जेल महासमुंद में आज अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर, अतिरिक्त कलेक्टर अक्षा गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय, तहसीलदार जुगल किशोर, सहायक जेल अधीक्षक मुकेश प्रसाद कुशवाहा, जेल चिकित्साधिकारी महेन्द्र चैधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कमेटी के सदस्यों ने सभी बैरकों का दौरा कर बंदियों की समस्याओं की जानकारी ली, जिनमें विधिक सहायता, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं जेल सुरक्षा जैसी व्यवस्थाएं शामिल थीं। कमेटी ने समग्र व्यवस्था को संतोषजनक पाया।

बैठक में बंदियों के स्वास्थ्य एवं विधिक सहायता, जेल के विस्तारीकरण हेतु भूमि हस्तांतरण, नए बैरकों के निर्माण, आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और मुलाकात कक्ष की स्थापना, बंदियों के कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही सरायपाली में 300 क्षमता वाले उप-जेल निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण एवं प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *