केंद्रीय मंत्री का आरोप- कल्पना सोरेन की सीट पर मुस्लिम महिलाएं कर रहीं ग्रुप वोटिंग,

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को दूसरे चरण में बाकी बची 38 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस बीच केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने गांडेय विधानसभा सीट पर मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाते हुए लिखा कि यहां पर कई जगह मुस्लिम समाज की महिलाएं समूह में मतदान कर रही हैं। अपने आरोप के समर्थन में अन्नपूर्णा देवी ने एक वीडियो भी शेयर किया।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लिखा, ‘गांडेय विधानसभा के डोकीडीह प्रखंड में बूथ संख्या 282 पर प्रशासन के सहयोग से अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं से समूह में मतदान करवाया जा रहा है जो गुप्त मतदान के नियमों का सरासर उल्लंघन है। ऐसी ही अनियमितताएं अनेक स्थानों पर दिख रही हैं। चुनाव आयोग तत्काल संज्ञान ले।’

इस पोस्ट के साथ उन्होंने जो वीडियो शेयर किया उसमें तीन महिलाएं एक साथ वोट देकर पोलिंग बूथ से बाहर आती नजर आ रही हैं। तीनों महिलाओं ने बुर्का व हिजाब से अपना चेहरा कवर कर रखा था।

बता दें कि गांडेय सीट प्रदेश की प्रमुख हॉट सीटों में से एक है। यहां से प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन झामुमो प्रत्याशी हैं साथ ही इंडिया गठबंधन की साझा उम्मीदवार हैं। कल्पना सोरेन वर्तमान विधायक भी हैं, जिन्होंने इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के दिलीप कुमार वर्मा को 27,149 मतों से हराया था।

उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार मुनिया देवी से है। वे फिलहाल गिरिडीह की जिला परिषद अध्यक्ष हैं। मुनिया देवी एक साल पहले ही भाजपा में आई हैं, पिछले साल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक जनसभा के दौरान उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *