पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार की शाम पुणे पहुंच गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और केंद्रीय राज्य मंत्री व पुणे सांसद मुरलीधर मोहोल ने शाह का पुणे एयरपोर्ट स्वागत किया। पुणे पहुंचने के बाद शाह ने सीएम और सरकारी अधिकारियों के साथ मिल कर वहां के विकास कार्यों की समीक्षा की। शनिवार को शाह रायगढ़ किले में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे एनसीपी सांसद सुनील तटकरे के निवास पर दोपहर का लंच करेंगे।
अमित शाह शनिवार की सुबह 10:30 बजे रायगढ़ के पछाड़ में राजमाता जिजाऊ की समाधि पर जाएंगे। बाद में सुबह 11 बजे वे रायगढ़ किले का दौरा करेंगे। इस दौरान शाह, छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बाद में उनकी उपस्थिति में किले पर कुछ कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। दोपहर 2 बजे शाह सुतारवाडी स्थित सुनील तटकरे के आवास पर जाएंगे। वे तटकरे के घर पर दोपहर का लंच करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान रायगढ़ के पालक मंत्रीपद के पेंच को सुलझाने की भी पहल की जाएगी। रायगढ़ के पालक मंत्री पद के लिए शिंदे और अजित गुट में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। शिंदे गुट अपने नेता भरत गोगावले का नाम आगे कर रहे हैं। जबकि अजित पवार गुट अदिति तटकरे को यह पद दिलाने के लिए जोरदार लॉबिंग कर रही है।