सिंगापुर पीएम से मिले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, शिक्षा व रिसर्च में सहयोग पर चर्चा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस दौरान प्रधान और वोंग ने दोनों देशों के बीच स्कूली शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और इसका विस्तार करने पर चर्चा की। सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, दोनों नेताओं की बातचीत तीन आधार स्तंभो ‘प्रतिभा, संसाधन और बाजार’ के जरिये साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित रही। बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रधान ने जोर दिया कि भारत हमेशा से सिंगापुर को गहन प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और नवोन्मेष पारिस्थितिकी के क्षेत्र में एक साझेदार के तौर पर देखता है।

इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने दिन में सिंगापुर के शिक्षा मंत्री चान चुआन सिंग से मुलाकात की और शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के तौर तरीकों पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने भारत की शिक्षा प्रणाली के अंतरराष्ट्रीयकरण को सुविधाजनक बनाने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के महत्व को रेखांकित किया। दोनों मंत्रियों ने विदेश में ‘इंटर्नशिप’ कार्यक्रमों पर चर्चा की ताकि भारतीय छात्रों को सिंगापुर की कंपनियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की सहूलियत मिल सके।

सूचना के अनुसार, दोनों देशों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत और सिंगापुर में विद्यालयों को जोड़ने की संभावना पर चर्चा की गई। गहन प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, उन्नत सामग्री आदि जैसे आपसी हित के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान सहयोग पर भी चर्चा की गई।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके सिंगापुर के समकक्ष ने भारत-सिंगापुर सहयोग को एक व्यापक साझेदारी में बदलने के लिए एक मजबूत रूपरेखा तैयार की है, जिसमें महत्वपूर्ण और उभरते क्षेत्रों में सहयोग भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *