महिला सुरक्षा के लिए अनोखी पहल, नवरात्रि के पहले दिन से ई-रिक्शों पर लगना शुरू होगा QR कोड

उत्तर प्रदेश के बांदा में महिला सुरक्षा को मजबूत करने और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जिले में एक नई पहल की शुरुआत की गई है. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के प्रति अपराधों को रोकने के निर्देश के बाद, पुलिस ने एक अनोखा कदम उठाया है. जिले में अब सभी ई-रिक्शों पर QR कोड लगाया जाएगा, जिसमें रिक्शा चालक और मालिक का पूरा विवरण दर्ज होगा. 

इस पहल का उद्देश्य यह है कि महिलाओं और बच्चों के साथ छेड़छाड़, लूटपाट, और अन्य अपराधों पर रोक लगाई जा सके. बांदा के एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि यह QR कोड फ्री में जारी किया जाएगा, जिसमें ड्राइवर और मालिक की पूरी जानकारी दर्ज होगी. इससे यात्री आसानी से QR कोड स्कैन कर रिक्शा चालक की पहचान कर सकेंगे, जिससे सुरक्षा की भावना बढ़ेगी. 

ई-रिक्शों पर QR कोड लगाने की प्रक्रिया नवरात्रि के पहले दिन से शुरू की गई है. इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि रिक्शा चोरी और नाबालिगों द्वारा रिक्शा चलाने जैसी समस्याओं पर भी रोक लगेगी. एसपी अग्रवाल ने बताया कि इस QR कोड से किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में तुरंत जानकारी प्राप्त की जा सकेगी. 

बांदा जिले में हजारों ई-रिक्शे चलते हैं और इस कदम से उन परिवारों को भी फायदा होगा जो इन रिक्शों के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं. QR कोड के जरिए सभी ई-रिक्शों की वेरिफिकेशन की जाएगी, ताकि कोई भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति रिक्शा न चला सके. 

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते नई पहल

यह पहल महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ ई-रिक्शा चालकों को रोजगार में भी सहायता करेगी, जिससे जिले में एक सुरक्षित और डिजिटल परिवहन व्यवस्था कायम की जा सकेगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *