ग्रेटर नोएडा में आज से UP International Trade Show की शुरुआत, प्रदेश के कारीगरों का हुनर देखेगी दुनिया, जानिए क्या है खास

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show 2024) की शुरुआत हो गई है. पांच दिन तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में दुनिया यूपी के कारीगरों का हुनर देखेगी. इस बार ट्रेड शो में 3.5 लाख से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, जो पहले संस्करण से ज़्यादा है. वहीं, अब तक 70 देशों के 350 से ज़्यादा क्रेताओं ने प्रतिभाग करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. लोगों को क्यूआर कोड से एंट्री और मोबाइल ऐप से जानकारी की सुविधा दी जाएगी. 

बता दें कि बुधवार (25 सितंबर) से पांच दिन तक उत्तर प्रदेश के उद्यम और कारीगरों के हुनर को दुनिया देखेगी. आज दोपहर ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखाड़ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया. इस मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत और भी कई दिग्गज मौजूद रहे. 

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का समापन 29 सितंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे. इस आयोजन के ज़रिए यूपी के क्राफ्ट, कुजीन और कल्चर से लोगों को परिचित कराया जाएगा. इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए उत्पादों (ODOP) को ख़ास तौर पर प्रदर्शित किया जाएगा. इस बार अलग-अलग क्षेत्रों के स्टार्टअप पर भी ख़ास फोकस किया गया है. इस बार की पार्टनर कंट्री के तौर पर वियतनाम भी ट्रेड शो में शामिल होगा. 

UPITS में 2500 स्टाल्स और प्रदर्शनियों को शामिल किया गया है. अब तक 72 देशों के 350 से अधिक क्रेताओं, कंपनियों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों ने प्रतिभाग करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. आयोजन में 3.5 लाख से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, जो पहले संस्करण से ज़्यादा है. 

यूपी के एमएसएमई (MSME) खादी और ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान की तरफ़ से दी गयी जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को खादी फ़ैशन शो का आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा यूपी के परम्परागत परिधान को फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा. इस मौक़े पर केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज किशोर मौजूद रहेंगे. 

UPITS में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए उनको QR कोड से एंट्री और मोबाइल ऐप के ज़रिए ट्रेड शो की डायरेक्टरी, इवेंट्स, कार्यक्रम की जानकारी मिलेगी. इस ऐप को ख़ास तौर पर लॉन्च किया गया है. ये ऐप Android और iOS दोनों पर ही उपलब्ध होगा. 

वीआईपी गेस्ट्स के लिए आधुनिक लाउंज की व्यवस्था रहेगी. ट्रेड शो के दौरान B2B और B2C मीटिंग्स भी होंगी. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 11 बजे से 3 बजे तक बिज़नेस आवर्स होंगे, जबकि शाम 3 बजे से रात 10 बजे तक ट्रेड फेयर आम लोगों के लिए खुला रहेगा जिससे लोग उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प और ODOP को देख सकेंगे. 

काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के सहयोग से वियतनाम, बोलीविया, रूस, वेनेजुएला, मिस्त्र एवं कजाकिस्तान के सांस्कृतिक ग्रुप्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. इसके अलावा सिंगर अंकित तिवारी, कनिका कपूर और पलाश सेन का यूफोरिया बैंड भी परफॉर्म करेगा. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *