यूपी: वक्फ बिल पास, योगी सरकार ने लिया बड़ा फैसला, इन संपत्तियों पर लटकी जब्ती की तलवार

यूपी में बड़े पैमाने पर तालाब, पोखर, खलिहान और ग्राम समाज की जमीनों को भी वक्फ घोषित किया गया है, जिसे सरकार ने पूरी तरह अवैध माना है. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन, ग्राम समाज की जमीन और सार्वजनिक संपत्तियां किसी भी सूरत में वक्फ घोषित नहीं की जा सकतीं. केवल उन्हीं संपत्तियों को वक्फ माना जाएगा जो किसी व्यक्ति द्वारा स्पष्ट रूप से दान की गई हों.

वक्फ संशोधन बिल पास होने के तुरंत बाद, योगी सरकार वक्फ बोर्ड की अवैध घोषित संपत्तियों पर सख्त हो गई है। सरकार ने सभी डीएम को आदेश दिया है कि वे एक अभियान चलाएं और ऐसी वक्फ संपत्तियों को ढूंढें जो सरकारी कागज़ों में दर्ज नहीं हैं और जिन्हें गलत तरीके से वक्फ घोषित किया गया है। इन संपत्तियों की पहचान करके उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में वक्फ बोर्ड द्वारा जिन संपत्तियों पर स्वामित्व का दावा किया गया है, उनमें से अधिकांश आधिकारिक रूप से राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सुन्नी वक्फ बोर्ड की केवल 2,533 संपत्तियां ही राजस्व अभिलेखों में पंजीकृत हैं।

वहीं, शिया वक्फ बोर्ड की अधिकृत रूप से पंजीकृत संपत्तियों की संख्या मात्र 430 है। यह संख्या वक्फ बोर्ड द्वारा घोषित किए गए आंकड़ों से काफी भिन्न है। सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा दावा की गई संपत्तियों की संख्या 1,24,355 है, जबकि शिया वक्फ बोर्ड 7,785 संपत्तियों का दावा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *