पखांजूर। जमीनी विवाद में युवक की हत्या के बाद पखांजूर क्षेत्र में हालात लगातार गरमाते जा रहे हैं। पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पी.व्ही. 27 में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीण थाने के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए “बुलडोजर एक्शन” की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।

आक्रोशित भीड़ ने पखांजूर तहसीलदार के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी राकेश कुर्रे मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
अधिकारियों की समझाइश के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे प्रदर्शन करते हुए तहसील कार्यालय की ओर कूच कर गए।
इधर, पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
“त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस और प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।