उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर लूटपाट करने वाले एक गैंग को पुलिस ने पकड़ा है. यह गैंग ज्यादातर ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाता था. इसमें से एक सदस्य लड़की के कपड़े पहनकर ट्रक को रूकवाता था. इसके बाद बातों में फंसाकर झाड़ियों में ले जाकर लूट करता था. उदयपुर एएसपी (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि शहर के गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने बदमाशों को खरपीणा में लूट की योजना बनाते हुए पकड़ा है.
पूछताछ में गैंग ने कई वारदात को कबूला है. पुलिस ने गैंग के 6 बदमाशों को पकड़ा है. उनके कब्जे से बाइक, महिला के कपड़े, 4 चाकू, रस्से, टार्च, हंटर, लट्ठ, मिर्ची पाउडर और लूटे गए 6 मोबाइल को जब्त किया है. मामले में गोवर्धन विलास थानाधिकारी भवानी सिंह राजावत ने बताया कि हाइवे पर रात में वाहन चालकों से लगातार लूट की घटना होने पर पुलिस ने गश्त और निगरानी शुरू की थी.
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के कुछ लड़के खरपीणा में लूटपाट की योजना बना रहे हैं. जब पुलिस वहां पहुंची तो कुछ लड़के हाइवे के किनारे झाड़ियों में बैठकर लूटपाट की योजना बनाते मिले. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया.
थानाधिकारी ने बताया कि गैंग के डागल फला खारा टीडी निवासी नारायण खराड़ी (19), गोरेला नाई हाल खरपीणा निवासी मनीष उर्फ मनीषा गमेती (19), नाई थाना का गौरेला निवासी मनीष गमेती (18), गणगौर फला खरपीणा निवासी शांतिलाल खराड़ी (18), कानूवाड़ा फला बिलखाईदरा केसरियाजी निवासी गोविंद कलासुआ (21) और बावलवाड़ा थाना क्षेत्र के काकण सागवाड़ा फला निवासी नारायण पटेला (35) को पकड़ा गया है
गैंग का सरगना गोविंद कलासुआ और मनीष हैं. पुलिस ने दबिश दी तो गोविंद ने भागने की कोशिश की. इस दौरान गिरने से उसका पैर टूट गया. मनीष रात के समय लड़की के कपड़े पहनकर हाइवे के किनारे खड़ा हो जाता था.वहीं, गोविंद वाहनों पर टॉर्च से रुकने का इशारा करता था. वाहन के रुकने के बाद मनीष ट्रक ड्राइवर को बातों में उलझाकर सड़क के किनारे झाड़ियों की तरफ लेकर जाता था. इसके बाद रुपए और सामान लेकर फरार हो जाता था.