वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अपने दूसरे सीजन की धांसू शुरुआत की है। 2025 के अपने आईपीएल डेब्यू सीरीज से क्रिकेट की दुनिया में नई सनसनी के तौर पर उभरे लड़के ने इस बार अपने पहले ही मैच में सिर्फ 15 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया। सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की 8 विकेट से आसान जीत में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की इस जबरदस्त पारी का बड़ा योगदान था। आईपीएल 2026 में उनकी धमाकेदार एंट्री से दिग्गज पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ इस वंडर बॉय को लेकर अपनी धारणा को बदलने के लिए मजबूर हो गए हैं। पहले उन्हें लगता था कि वैभव को समय से पहले ही बहुत हाइप दी जाने लगी है।
सीएसके के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद मोहम्मद कैफ ने एक्स पर लिखा, ‘पिछले सीजन मुझे लगा था कि वैभव सूर्यवंशी को बहुत जल्दी हाइप मिल रही है। पुराने विचारों वाला क्रिकेटर होने के नाते मेरा मानना है कि युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में कोई जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। लेकिन एक साल बाद मुझे लगता है कि वह अगले स्तर पर जाने के लिए तैयार है। यह 15 साल का लड़का मनोरंजन भी कर सकता है और मैच जिताऊ पारियां भी खेल सकता है।’
पिछले साल वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में डेब्यू किया था। उनकी उम्र तब 14 साल थी। वह आईपीएल इतिहास में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में सिर्फ 35 गेंद में शतक जड़ा था। ये आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज और किसी भी भारतीय की अब तक की सबसे तेज सेंचुरी है। उनसे तेज शतक सिर्फ यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में सिर्फ 30 गेंदों में तीन अंकों का आंकड़ा छुआ था। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। अब आईपीएल 2026 में उन्होंने सिर्फ 15 गेंद में फिफ्टी जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
सोमवार को हुए मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 127 रन पर सिमट गई। टीम पूरे 20 ओवर तक नहीं खेल पाई और 19.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। संजू सैमसन से बहुत उम्मीदें थी लेकिन वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई की तरफ से 8वें नंबर पर उतरे जैमी ओवर्टन टॉप स्कोरर रहे जिन्होंने 36 गेंद में 43 रन बनाए। कार्तिक शर्मा ने 18 और सरफराज खान ने 17 रन बनाए। इन तीनो के अलावा चेन्नई का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाया।
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए। बृजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 सफलता मिली।
जीत के लिए 128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। यशस्वी जायसवाल संभलकर खेल रहे थे लेकिन सूर्यवंशी सीएसके की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा रहे थे। वह 17 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस तूफानी पारी में वैभव ने 4 चौके और 5 छक्के जड़े। ध्रुव जुरेल 18 रन बनाकर आउट हुए। आरआर ने तेरहवें ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर यशस्वी जायसवाल 38 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान रियान पराग ने भी 14 रनों की नाबाद पारी खेली। नांद्रे बर्गर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।