देशभर में लगभग सभी राज्यों को उनकी वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का इंतजार किया जा रहा है। आने वाले समय में इन ट्रेनों की भी शुरुआत हो सकती है, जिसके जरिए यात्री लंबी दूरी तक यात्रा कर सकेंगे। उधर, वंदे भारत मेट्रो ट्रेनों को भी कई जगह शुरू किया जा चुका है, जबकि कुछ जगह शुरू होने वाली है। आने वाले दिनों में गुजरात को वंदे भारत मेट्रो ट्रेन मिलने जा रही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, गुजरात के वडोदरा से अहमदाबाद के बीच में वंदे भारत मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा। इससे लाखों यात्रियों को राहत मिल सकती है। वंदे मेट्रो ट्रेन का ट्रायल भी जल्द शुरू होने वाला है। वेस्टर्न रेलवे के चीफ स्पोक्सपर्सन जेके जयंत ने भी ट्रायल रन की पुष्टि की है। वंदे मेट्रो ट्रेन को रोजाना एक जगह से दूसरी जगह जाने वाले यात्रियों के लिए खासतौर पर डिजाइन किया गया है। इसमें एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। हाल ही में अहमदाबाद में 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन का भी ट्रोयल रन हुआ है।
अभी वंदे भारत आठ कोच के साथ चल रही है, जबकि उसकी क्षमता 16 कोच के साथ चलने की भी है। पिछले दिनों ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को जगह मिल सके, इसलिए वंदे भारत में 20 कोच के साथ टेस्टिंग की गई। इस दौरान ट्रेन की स्पीड भी 130 किलोमीटर प्रति घंटे थी।
यूपीवासियों को जल्द ही एक और वंदे भारत ट्रेन मिलने वाली है। यह सेमी हाईस्पीड ट्रेन लखनऊ से भोपाल के बीच जल्द दौड़ती नजर आ सकती है। आठ कोच वाली इस ट्रेन का आवंटन भी रेलवे बोर्ड ने शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि दिवाली से पहले ही इस ट्रेन को चलाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक शेड्यूल घोषित नहीं किया गया है।