पंजाब का रहने वाला शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा

बस्तर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बस्तर जिले के पल्लीनाका क्षेत्र में एक सूने मकान से 5 लाख रुपए के सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को पकड़ लिया, बल्कि उसके कब्जे से चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई परपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा (37 वर्ष) निवासी ग्राम टोंग, थाना ब्यास, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में कुम्हारपारा, लच्छीनधर यादव के किराए के मकान में, नगरनार, जिला बस्तर में निवास कर रहा था और पेशे से ट्रक चालक है।

जानकारी के अनुसार, 3-4 मई 2025 की दरम्यानी रात ग्राम पल्लीनाका निवासी सोनू कुमार सिंह के मकान से अज्ञात चोर द्वारा आलमारी में रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना परपा में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण पोटाई के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान पूर्व में चोरी के मामले में पकड़े गए मंगल सिंह के रूप में की। आरोपी घटना के बाद अपने गांव अमृतसर फरार हो गया था। पुलिस टीम ने पंजाब जाकर ग्राम टोंग में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹5,00,000 मूल्य के सोने के जेवरात, चोरी में उपयोग की गई होंडा साइन बाइक (क्रमांक CG 17 6862), ताला तोड़ने के लिए उपयोग किया गया लोहे का टायर लिवर बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *