भंडारीगुड़ा–कारागाँव सड़क पर ग्रामीणों का आक्रोश… पोड़ागढ़ मुख्य मार्ग जाम, प्रशासन से सवाल — “कब बनेगी नई सड़क?”

उमरकोट। उमरकोट ब्लॉक के अंतर्गत कारागाँव पंचायत में स्थित भंडारीगुड़ा से कारागाँव तक जाने वाली मुख्य सड़क आज ग्रामीणों के ग़ुस्से का केंद्र बन गई। लंबे समय से मरम्मत और नवनिर्माण न होने के कारण यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।

आज सुबह करीब पाँच गाँवों के लोग एकजुट होकर पोड़ागढ़ मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन चलते हैं। तीन मौजों के लोग शिक्षा, चिकित्सा और दैनिक आवागमन के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं। लेकिन वर्षों से विभागीय लापरवाही के चलते सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है।

इस आंदोलन का नेतृत्व कारागाँव समिति सदस्य विक्रम सिंह ने किया। उनके साथ सदा पुजारी, भगत रंजन भतराड़, ब्रजमोहन भतराड़, गुणधर भतराड़ और साधुराम राजगोंड सहित सैकड़ों ग्रामीण धरना स्थल पर मौजूद रहे।

विक्रम सिंह ने चेतावनी दी कि हमारी माँग सीधी है — तत्काल सड़क का पुनर्निर्माण शुरू किया जाए। यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो हम आंदोलन को और तीव्र करेंगे।

समाचार लिखे जाने तक सड़क एवं भवन विभाग का कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुँचा था। ग्रामीणों का सवाल है — “जब हमारी समस्या सुनने तक कोई अधिकारी नहीं आएगा, तो समाधान की उम्मीद किससे करें?”

संवाददाता — रसिक सरकार, नबरंगपुर से। कांकेर एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *