मंदिर में तोड़फोड़ के बाद जबलपुर में भड़की हिंसा

जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात करीब नौ बजे आपसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रैलिंग क्षतिग्रस्त होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव की घटना सामने आई, जिसमें कुछ लोगों के हल्के रूप से घायल होने की सूचना है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

तनाव की सूचना मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात काबू में हैं और जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

घटना सिहोरा के वार्ड क्रमांक पांच स्थित आजाद चौक की बताई जा रही है, जहां दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने हैं। रात करीब नौ बजे मंदिर में आरती चल रही थी, उसी दौरान कुछ लोग मस्जिद में नमाज के लिए पहुंचे। इसी बीच दोनों समुदायों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने नारेबाजी की, जिससे माहौल और बिगड़ गया। इसी दौरान एक युवक द्वारा मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए और पथराव शुरू हो गया, जो करीब दस मिनट तक चला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में लाई गई। एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।

जिले के अन्य थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है और देर रात तक खुले प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

जबलपुर प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों के अनुसार किसी भी धार्मिक स्थल को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है और किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।

यह इलाका पहले से संवेदनशील माना जाता रहा है और पूर्व में भी यहां छोटे-मोटे विवाद सामने आ चुके हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *