देशभर में 1 नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी, इसके बाद छठ का त्योहार है। बिहार में छठ पर्व का विशेष महत्व है। बिहार से बाहर काम कर रहे लोग बड़ी संख्या में इस त्योहार के चलते अपने घर जाते हैं। लेकिन बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अभी से सीट का टोटा पड़ गया है और लंबी वेटिंग लिस्ट देखी जा सकती है।
कुछ ट्रेनों में तो नो रूम की स्थिति बन गई है। यानी यात्री वेटिंग में भी टिकट बुक नहीं कर सकते हैं। 25 से 31 अक्टूबर और 1 से 6 नवंबर पटना आने वाली वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट है। लंबी दूरी की ट्रेनों में भी यही हाल है।
इधर, वंदे भारत ट्रेनों में यात्रियों को आसानी से टिकट मिल रहा है। लेकिन यहां भी सीट लगातार बुक हो रही है। संभावना है कि सितंबर माह के अंत तक 25 अक्टूबर से 6 नवंबर तक की सभी सीटें बुक हो सकती है।
बता दे कि बिहार में छठ पर्व का विशेष महत्व है। महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण के कई राज्यों में बिहार के लोग काम करते हैं। इनमें मजदूर से लेकर ऑफिसर वर्ग तक के लोग शामिल है। छठ पर्व मनाने के लिए ये सभी अपने घर जाते हैं। इसके लिए तीन से चार माह पूर्व ही ट्रेन में बुकिंग शुरू हो जाती है।