एक घंटे पहले बीजेपी की रैली में थे, फिर राहुल गांधी के मंच पर अशोक तंवर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

चुनाव में जब तक वोट न पड़ जाए, हवा का रुख बदलने की संभावनाएं बनी रहती हैं. यह कहावत कही तो मतदाताओं के लिए जाती है लेकिन यह नेताओं पर भी सही बैठती दिख रही है, कम से कम हरियाणा के चुनाव में. करीब घंटे भर पहले तक सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील करते रहे अशोक तंवर अब कांग्रेसी हो गए हैं.

हरियाणा चुनाव के लिए प्रचार थमने से कुछ घंटे पहले अशोक तंवर ने राहुल गांधी की जींद रैली में पहुंचकर कांग्रेस का हाथ थाम लिया. अशोक तंवर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. अशोक तंवर के राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने, पार्टी में शामिल होने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल हैंडल से पोस्ट किया है.

अशोक तंवर हरियाणा चुनाव के लिए बीजेपी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी थे. बीजेपी ने उन्हें कैंपेन कमेटी का सदस्य भी बनाया था. पूर्व सांसद अशोक तंवर राहुल गांधी की रैली में पहुंचने से पहले बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार भी कर रहे थे. अशोक तंवर ने कांग्रेस में शामिल होने से करीब घंटे भर पहले अपने एक्स हैंडल से बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में हुई रैली की तस्वीरें पोस्ट की थीं.

अशोक तंवर ने नलवा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार रणधीर पनिहार के समर्थन में एक दिन पहले हुई रैली की तस्वीरें पोस्ट करते हुए जीत का भरोसा व्यक्त किया था. उन्होंने दावा किया था कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *