शोले फिल्म देख लें, क्या हाल हुआ था ठाकुर का.., बिहार में पोस्टर चिपका किसने दी खुलेआम धमकी

बिहार में एक पोस्टर की काफी चर्चा हो रही है। इस पोस्टर में मशहूर फिल्म शोले का जिक्र कर धमकी दी गई है। यह पोस्टर किसने चिपकाया है? अभी इसके बारे मे कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है लेकिन पुलिस इसकी जांच-पड़ताल कर रही है। मामला जमुई जिले का है। यहां सोनो प्रखंड के केवाली गांव के पंचायत भवन पर किसी ने एक पोस्टर चिपकाया है। इस पोस्टर पर लिखा गया है, ‘थाना में जो केस किया और जो सनहा दिया है वह वापस ले लिया जाए नहीं तो उसकी वही हाल होगा जो गुड्डू सिंह का हुआ था।

मुझे और हत्या करने पर मजबूर ना किया जाए। हमको सुनने में आ रहा है कि हमारे घर का दलाई पूरा टूट जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। हमको तो जो करना था वह कर दिया फिर करने में कितनी देर लगेगी। प्रशासन से कहना है कि अपनी सतर्कता बरते नहीं तो शोले फिल्म देख ले क्या हाल हुआ था ठाकुर का..’

इस पोस्टर में जिस गुड्डू सिंह का जिक्र किया गया है उसके बारे में मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि गुड्डू सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। इसी केस के एक अन्य आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया था। पुलिस इस हत्याकांड में अपनी कार्रवाई भी कर रही है। इसके अलावा सोनो थाने के इंस्पेक्टर संतोष सिन्हा के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि उन्होंने पोस्टरबाजी के मामले में भी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।

पंचायत भवन पर इस तरह के पोस्टर चिपकाए जाने के बाद से गांव में भी लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। हालांकि, लोगों में इस पोस्टर को लेकर खौफ भी है। बहरहाल अब पुलिस पोस्टरबाजी करने वाले शख्स की तलाश में है। पता लगाया जा रहा है कि इस तरह पोस्टर चिपका कर आखिर धमकी किसने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *