छत्तीसगढ़ के लिए मौसम अलर्ट: रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, भारी बारिश की संभावना

रायपुर, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में इन दिनों अधिकांश स्थानों पर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने यही सिलसिला अगले कुछ दिन और जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान विभाग ने प्रदेश के 4 जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट तो 8 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बुधवार रात तक रायगढ़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी बुधवार रात तक के लिए जारी की गई है।

बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो इस दौरान बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर और बस्तर संभागों के अधिकांश स्थानों पर वर्षा हुई तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। बलरामपुर जिले के कुसुमी में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा में 73 मिमी, रायपुर में 56 मिमी, बिलासपुर में 45 मिमी, दुर्ग में 39 मिमी, राजनांदगांव में 32 मिमी और अंबिकापुर में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया।

4 जिलों के लिए रेड अलर्ट तो 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

बुधवार (3 सितंबर) के लिए मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, और सुकमा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है, इसके साथ ही रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सक्ती, कांकेर और कोंडागांव जिलों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार (4 सितंबर) के लिए मौसम विभाग ने कांकेर जिले में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार (5 सिंतबर) के लिए मौसम विभाग ने कोरबा, रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और मुंगेली जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और बिजली गिरने व आंधी आने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *