छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला: 22 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट, भारी बारिश की संभावना

रायपुर, छत्तीसगढ़ में मॉनसूनी गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर भी चल रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों के लिए ऑरेंज और 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान यहां कुछ इलाकों में जोरदार बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। इसके साथ ही 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। बारिश का मुख्य क्षेत्र उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बुधवार को बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर जिलों में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। साथ ही हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे हो सकती है। वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबांद, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, जशपुर, दुर्ग, सुरगुजा, बलरामपुर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है।

गुरुवार को दो जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 19 जून को प्रदेश के सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में बिजली गिरने के साथ बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा विभाग ने कल मनेंद्रगढ़-चिरमिरी, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, बिलासपुर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

दुर्ग सबसे ज्यादा गर्म, राजनांदगांव सबसे ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिणी क्षेत्र से आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है, जिससे मॉनसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। मॉनसून अब लगभग पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग और बस्तर संभाग में मध्यम से भारी बारिश हुई है। रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म दुर्ग रहा, यहां अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतन तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में तापमान 33 डिग्री रहने की संभावना है।

उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में सरगुजा संभाग के जिले और कुछ बिलासपुर जिले शामिल हैं। वहीं आने वाले 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में मध्यम से तीव्र वज्रपात, आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। आसमान पर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून छत्तीसगढ़ के कुछ और भागों से आगे बढ़ गया है। मॉनसून की उत्तरी सीमा ओडिशा, इंदौर, पंचमढ़ी, मंडला, अंबिकापुर, हजारीबाग और सुपौल से होकर गुजर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *