इंग्लैंड के नंबर-1 गेंदबाज पर टूट पड़े वेस्टइंडीज के ‘बाहुबली’

ब्रिस्टल: इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में भले ही 4 विकेट से जीत हासिल कर ली हो, लेकिन टीम के नंबर-1 स्पिनर आदिल राशिद इस मैच को जल्द से जल्द भूलना चाहेंगे। ब्रिस्टल में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाजों जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने इंग्लिश स्पिनर के एक ओवर में 31 रन बटोरे।

इस ओवर में होल्डर और शेफर्ड ने मिलकर 5 लंबे छक्के लगाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि आदिल राशिद के नाम टी20आई का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड हो जाएगा। इससे पहले भारत के पूर्व स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी।

किस बल्लेबाज ने जड़े कितने छक्के?

यह विध्वंसक बैटिंग का नजारा वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पारी के 19वें ओवर में देखने को मिला। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने गेंद आदिल राशिद को थमाई थी, जिन्होंने इससे पहले 3 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया था। लेकिन इस ओवर की पहली तीन गेंदो पर जेसन होल्डर ने छक्कों की हैट्रिक लगाई। इसके बाद चौथी गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया।

…और टूट पड़े रोमारियो शेफर्ड

आदिल रशीद ने अभी राहत की सांस ली ही थी कि रोमारियो शेफर्ड ने उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने अगली दो गेंदों पर गगनचुंबी छक्का लगाया और इस ओवर में कुल 31 रन लुटाए।

दूसरे नंबर पर पहुंचे आदिल रशीद

इस ओवर के बाद अब आदिल राशिद स्टुअर्ट ब्रॉड के बाद टी20आई में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बन गए हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड को 2007 टी-20 विश्वकप के दौरान युवराज सिंह ने 1 ओवर में 6 छक्के जड़ते हुए 36 रन बटोरे थे।

आपको बता दें कि आदिल रशीद इस समय दुनिया के दूसरे सबसे बेहतरीन स्पिनर हैं। वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं। हालांकि उनके नाम अब एक ओवर में 31 रन लुटाने का शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *