खास शो ‘हल्ला बोल’ में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उनसे केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के राहुल गांधी पर दिए विवादित बयान पर सवाल पूछा गया था. मनोज तिवारी ने कहा, ‘भाजपा इस तरह के बयानों का समर्थन नहीं करती है.’
मनोज तिवारी ने कहा, ‘जब विवादित बयानों की बात आती है तो पीएम मोदी को जितनी गालियां कांग्रेस ने दी हैं… जिस नेता को देश ने पूर्ण बहुमत से जिताकर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है उन्हें कांग्रेस ने क्या-क्या बोला. ये आलोक जी को पता है. इनकी इतनी भी हिम्मत नहीं है कि उस पर बोलने का साहस कर सकें.’
उन्होंने कहा, ‘जो भी इस तरह की बातें करते हैं हमारी पार्टी में उनसे सवाल-जवाब होते हैं. लेकिन कांग्रेस की प्रवक्ता (सुप्रिया श्रीनेत) अभी बोल रही थीं. उनकी भाषा देखिए. क्या इस भाषा में राजनीतिक लोग बात करेंगे. हम संसद में बैठते हैं. राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष होते हुए झूठ बोलते हैं, वो लगातार अपनी ही बातों से यूटर्न मारते हैं जिससे सदन में हंसी गूंजती है.’
मनोज तिवारी ने कहा, ‘राहुल गांधी ने कहा था कि ‘लोग डंडे मारेंगे’… क्या देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की बात बोलने के बाद किसी ने राहुल गांधी से कुछ बोला. नहीं बोल सकते हैं. अपने-अपने संस्कार हैं. जिन लोगों ने भी ऐसी बातें कही हैं भाजपा ऐसे सभी लोगों से सवाल-जवाब करती है, ऐसे लोगों पर अंकुश लगाती है क्योंकि हमारा चरित्र अलग है.’
उनसे पूछा गया कि तरविंदर सिंह, संजय गायकवाड़ और रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ बीजेपी क्या कार्रवाई करेगी? जवाब में उन्होंने कहा, ‘रवनीत सिंह बिट्टू किस संदर्भ में बोले हैं हमें पूरी बात को सुनना चाहिए. जहां तक रही दूसरे दो लोगों की बात तो भाजपा उनका समर्थन नहीं करती है.’
सीजेआई के घर पीएम मोदी के गणेश पूजन में शामिल होने पर उन्होंने कहा, ‘गणपति उत्सव हर साल इसी समय आता है, उसका किसी चुनाव से क्या लेना-देना है. क्या हम ये सोचकर गणपति पूजा करने जाएं कि चुनाव आया है तो गणपति पूजा कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी भारतीय संस्कृति की विरोधी है.’