एक गाने की वजह से बवाल! हजारीबाग हिंसा पर क्या बोली झारखंड सरकार

हजारीबाग, झारखंड के हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान मंगलवार रात भड़की हिंसा को लेकर झारखंड सरकार ने कहा है कि एक आपत्तिजनक गाना बजने के बाद पत्थरबाजी की शुरुआत हुई। सरकार ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि घटना के बाद 10 नामित और 200 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रात करीब 11 बजे जामा मस्जिद चौक के पास रामनवमी उत्सव के तहत निकाले गए मंगला जुलूस के दौरान पथराव के बाद तनाव उत्पन्न हो गया।

संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि घटना तब हुई जब मंगला जुलूस पंच मंदिर चौक से झंडा चौक की ओर जा रहा था। मंत्री ने कहा, ‘जुलूस जब पास के एक चौक पर पहुंचा तो एक आपत्तिजनक गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच टकराव हो गया और दोनों ओर से पत्थर चलाए गए। मौके पर मौजूद पुलिस और मजिस्ट्रेट ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया लेकिन दोनों ओर से पथराव तेज कर दिया गया।’

मंत्री ने कहा कि इसके बाद स्थिति को संभालने और निजी-सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की। मंत्री ने लंच के बाद सदन को बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की संवेदनशील इलाकों में तैनाती की गई है। किशोर ने कहा, ‘वहां तैनात रहे एक मजिस्ट्रेट की शिकायत पर दोनों समुदायों के 5-5 नामित और 200 अज्ञात के खिलाफ सदर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। अभी स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।’

इससे पहले विधानसभा में हजारीबाग हिंसा को लेकर खूब हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन और हिंदुओं के त्योहारों के दौरान उचित सुरक्षा इंतजाम की मांग की। सरकार ने भरोसा दिलाया कि राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने हजारीबाग का मुद्दा उठाया और चर्चा की मांग की। विपक्षी विधायक अपनी आवाज बुलंद करते हुए वेल में आ गए। स्पीकर ने उनसे अपील की कि प्रश्नकाल होने दिया जाए।

उपमंडल पुलिस अधिकारी परमेश्वर कामती ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे जामा मस्जिद चौक के पास हुई, जब रामनवमी उत्सव के तहत मंगला जुलूस निकाला जा रहा था। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ से पथराव किया गया। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं। पुलिस ने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *