भाई, दरवाजे से हट जा… कहा तो कंडक्टर को बस में ही चाकुओं से गोद किया लहूलुहान

आजकल लोग छोटी-छोटी और जायज बातों पर भी आपा खो बैठते हैं और अपराध कर बैठते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ है कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जहां एक कंडक्टर ने एक यात्री से जब दरवाजे से हट जाने को कहा तो उस यात्री को इतना गुस्सा आया कि उसने चलती ही बस में कंडक्टर पर चाकुओं से तोबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने 23 साल के हर्ष सिन्हा को गिरफ्तार किया है। वह झारखंड का रहने वाला है। उसे कंडक्टर ने वाहन के स्वचालित दरवाजे से दूर खड़े रहने के लिए कहा था।, तभी उसने अपना आपा खो दिया और कंडक्टर पर हमला कर बैठा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) के बस कंडक्टर 45 वर्षीय योगेश को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लाइव हिन्दुस्तान उस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है लेकिन वीडियो में दिख रहा है कि हर्ष सिन्हा कंडक्टर पर हमला कर रहा है और अन्य यात्रियों को धमका रहा है। पीटीआई के मुताबिक, मूल रूप से झारखंड निवासी हर्ष सिन्हा को हाल ही में एक बीपीओ फर्म ने नौकरी से निकाल दिया था और वह करीब तीन हफ्ते से बेरोजगार थे। हर्ष ने पुलिस को बताया कि वह अपनी नौकरी जाने से निराश और परेशान चल रहा था।

पुलिस ने कहा है कि यह घटना मंगलवार की शाम ITPL बस स्टॉप के पास हुई। कंडक्टर योगेश ने हर्ष को बस के पायदान पर से दूर खड़े होने को कहा था क्योंकि इससे बस में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों को दिक्कत हो रही थी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद हर्ष सिन्हा ने अपने बैग से चाकू निकाला और बस कंडक्टर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले से बस में अफरातफरी मच गई और यात्री भागने लगे। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में हर्ष सिन्हा अन्य यात्रियों को धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

तभी बस चालक सिद्धलिंगस्वामी ने दरवाजा बंद कर दिया और बाहर कूद गया और हर्ष अंदर फंस गया। इसके बाद उसने वाहन से भागने के लिए कांच के दरवाजों पर लात मारना और उन्हें तोड़ना शुरू कर दिया। इसी बीच लोगों ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंच गई और आरोपी हर्ष सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। उस पर हत्या की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। कंडक्टर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उसके शरीर पर तीन-चार जगह गहरे जख्म हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *