मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में माफिया, गुंडाराज और भ्रष्टाचार पर किए गए प्रहार का ही परिणाम है कि आज यहां खूब निवेश आ रहा है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार भी लगातार बढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा का बेहतरीन माहौल देकर निवेश प्राप्त करने वाला देश का अग्रणी राज्य है। यूपी में निवेशकों और उनकी पूंजी की सुरक्षा की गारंटी है। उत्तर प्रदेश निवेश का बेहतरीन डेस्टिनेशन बन चुका है। सीएम योगी शनिवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 35वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। भव्य और विविधतापूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री ने गीडा के विभिन्न सेक्टरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए 209 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
1068 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए आवंटित 85 भूखंडों में से पांच निवेशकों को अपने हाथों से आवंटन प्रमाण पत्र सौंपा। गीडा स्थित नाइलिट कैम्पस से कौशल विकास का प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट वितरित किए और निवेश मित्र पोर्टल पर इंटीग्रेट होने वाली गीडा की 20 सुविधाओं का शुभारंभ किया। साथ ही प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत दस निवेशकों को कुल 300 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट इंसेंटिव का प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। समारोह के दौरान सीएम ने गीडा में आयोजित दो दिवसीय ट्रेड शो का भी उद्घाटन किया।
40 लाख करोड़ के निवेश से डेढ़ करोड़ युवाओं को रोजगार की गारंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के बेहतरीन माहौल, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (कारोबारी सुगमता), शानदार रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी और उद्योगों की मांग के अनुरूप सुदृढ़ लैंड बैंक के चलते आज प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इतने बड़े पैमाने पर निवेश के धरातल पर उतरने का मतलब है डेढ़ करोड़ (एक सौ पचास लाख) नौजवानों को रोजगार की गारंटी। उन्होंने कहा कि यूपी के हर जिले में बेहतरीन माहौल बना है। प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है। यह सब सार्थक प्रयासों से संभव हुआ है।
हर निवेश विकास का एक मॉडल
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश ने 2028-29 तक एक ट्रिलियन डॉलर योगदान देने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए विकास, रोजगार और निवेश भी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य या उद्योग किसी भी क्षेत्र में किया गया निवेश महत्वपूर्ण है। पूंजी छोटी-बड़ी हो सकती है लेकिन प्रदेश सरकार निवेश का साहस करने वाले सभी निवेशकों का अभिनंदन करती है। उन्होंने कहा कि हर निवेश विकास का एक मॉडल है।
झांसी-बुंदेलखंड में बना रहे 36 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल टाउनशिप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में उद्योग अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक ही सीमित नहीं रह गए। हर जिले में उद्योग लग रहे हैं। उन्होंने बताया कि झांसी-बुंदेलखंड में सरकार नोएडा की तर्ज पर 36 हजार एकड़ में इंडस्ट्रियल टाउनशिप बना रही है। कल्पना करिए कि इससे कितने लाख युवाओं को रोजगार और नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि वो दिन लद गए जब यूपी का नौजवान नौकरी के लिए देश और दुनिया का बाजारों में जाता था। अब उसके सामने पहचान का कोई संकट नहीं है, अब उसे घर के समीप ही रोजगार और नौकरी मिल रही है।
पूर्वी यूपी के विकास का प्रमुख स्तम्भ बनकर उभरा गीडा
सीएम योगी ने कहा कि आज गीडा पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख स्तम्भ बनकर उभरा है। पहले यहां उद्योगों के लिए जमीन नहीं मिलती थी, आज 800 एकड़ में इंड्रस्ट्रियल कॉरिडोर और 5500 एकड़ में धुरियापार का औद्योगिक कॉरिडोर बन रहा है। विस्तृत लैंड बैंक, वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और शानदार कनेक्टिविटी के साथ यहां निवेश का बेहतरीन माहौल बन गया है। उन्होंने इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, गैलेंट समूह, अंकुर उद्योग, वरुण ब्रेवरेज, केयान डिस्टलरी, ज्ञान डेयरी, तत्वा प्लास्टिक आदि उद्योगों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले कोई निवेश नहीं करना चाहता था, वहां आज निवेश की झड़ी लग गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए गीडा में नाइलिट का सेंटर भी चल रहा है।
सीएम योगी ने किया 123 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास और 86 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण
गीडा के 35वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीडा के कई सेक्टरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी कुल 209 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने 123 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास तथा 86 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। शिलान्यास की परियोजनाओं में 94 करोड़ के सिविल और 29 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य शामिल हैं। जबकि लोकार्पण की परियोजनाओं में 72 करोड़ के सिविल और 14 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य सम्मिलित हैं।
निवेश पोर्टल पर 20 सुविधाओं के एकीकरण से उद्यमियों को मिलेगी सहूलियत
सीएम के हाथों निवेश मित्र पोर्टल पर गीडा की 20 सुविधाओं के एकीकरण से उद्यमियों को और सहूलियत मिलेगी। गीडा लगातार ऑनलाइन सुविधाओं की ओर बढ़ रहा है। पिछले वर्ष गीडा के स्थापना दिवस समारोह पर सीएम योगी ने उद्यमियों की सुविधा के लिए ‘गीडा सेवा’ पोर्टल का शुभारंभ किया था। अब निवेश मित्र पोर्टल पर गीडा की 20 सुविधाओं को एकीकृत कर दिया गया है।
सफल निवेश के एवज में दस उद्यमियों को मिला इंसेंटिव
सफल निवेश और इसके परिणामस्वरूप उद्यम के क्रियाशील होने पर योगी सरकार उद्यमियों को इन्वेस्टमेंट इंसेंटिव देती है। गीडा के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने दस निवेशकों को इंसेंटिव देकर उनको और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीएम के हाथों वरुण बेवरेजेज, गैलेंट इस्पात, एसएलएमजी बेवरेजेज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, जेके सीमेंट्स, श्री सीमेंट, आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड, स्पर्श इंडस्ट्रीज, सैमसंग इंडिया और एलजी के प्रमुखों/निदेशकों को इंसेंटिव राशि का प्रतीकात्मक चेक प्राप्त हुआ। इसी क्रम में सीएम ने जिन निवेशकों को आज भूखंड आवंटन का पत्र दिया उनमें एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, ग्रीनटेक, मॉडर्न पैकेजिंग, विशाल वीडियो एंड अप्लायंसेज और एसएस एसोसिएट्स के प्रमुख/निदेशक शामिल हैं।
स्थानीय युवाओं को गीडा में नाइलिट दे रहा कौशल विकास का प्रशिक्षण
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने नाइलिट से कौशल विकास का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले दो युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उल्लेखनीय है कि गत स्थापना दिवस समारोह में गीडा ने नाइलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) से एमओयू कर स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए 9280 वर्गमीटर का कैम्पस, निर्मित भवन के साथ निशुल्क उपलब्ध कराया था। नाइलिट का गीडा कैम्पस कौशल विकास का केंद्र बनकर उभरा है। यहां अभी तक 13 पाठ्यक्रमों में 617 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।