केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को निचले सदन की सदस्यता की शपथ ली। इस दौरान, शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने उन्हें ‘शेरनी’ बताया। शपथ के बाद प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि जनता के जरूरी मुद्दों को उठाना, देश और पार्टी के लिए काम करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी तथा वह संविधान के उसूलों के लिए लड़ाई लड़ेंगी। प्रियंका ने हिंदी भाषा में शपथ ली और इस दौरान उन्होंने संविधान की एक प्रति अपने हाथ में ले रखी थी।
प्रियंका गांधी की शपथ के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने एक्स पर पोस्ट किया, ”शेरनी संसद में आ गई।” उन्होंने यह पोस्ट कांग्रेस के उस पोस्ट पर किया, जिसमें प्रियंका गांधी के शपथ लेने के समय का वीडियो था। कुछ ही देर में संजय राउत का यह पोस्ट वायरल हो गया और गुरुवार शाम पांच बजे तक साढ़े चार लाख से भी ज्यादा बार इसे देखा जा चुका है। यूजर्स तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
बता दें कि जब प्रियंका गांधी शपथ लेने के लिए खड़ी हुईं तो कांग्रेस सांसदों ने ‘जोड़ो-जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाए। महाराष्ट्र के नांदेड़ से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए कांग्रेस नेता रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी सदन की सदस्यता की शपथ ली। उन्होंने मराठी भाषा में शपथ ली। चव्हाण के पिता बसंतराव चव्हाण के निधन के कारण नांदेड़ में उपचुनाव हुआ था। शपथ ग्रहण करने के बाद 52 वर्षीय प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
उन्होंने विपक्ष और सत्तापक्ष में अग्रिम पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया और सदन में नेता प्रतिपक्ष तथा उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर प्रियंका का अभिवादन स्वीकार किया। शपथ के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका को बधाई देते हुए गले भी लगाया। प्रियंका गांधी ने लोकसभा में अपने पहले दिन क्रीम कलर की केरल की पारंपरिक कसाउ साड़ी पहन रखी थी। शपथ लेने से पहले और बाद में भी वह विपक्ष की तरफ चौथी पंक्ति में बैठी थीं।
कांग्रेस महासचिव के शपथ ग्रहण के अवसर पर उनकी मां और पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, उनके पति रॉबर्ट वाद्रा, पुत्र रेहान राजीव वाद्रा, पुत्री मिराया वाद्रा, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला और पार्टी के कुछ अन्य नेता सदन की दर्शक दीर्घा में मौजूद थे। शपथ के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता के जरूरी मुद्दों को उठाना, देश और पार्टी के लिए काम करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। यह पहली बार है कि संसद में गांधी-नेहरू परिवार के तीन सदस्य हैं। प्रियंका के भाई राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं तथा उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य हैं।