देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। असम और पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लू जैसी स्थिति बनी हुई है। दिन का तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज होता है। यह मॉनसून सीजन है, इसके बावजूद यहां पर पिछले कुछ दिनों में बहुत कम बारिश हुई है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। पूर्वानुमान में कहा गया, ‘अगले 3-4 दिनों तक दिन का तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है। फिलहाल हवा के पैटर्न और कम बादल छाए रहने से बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अभी कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।’
अगर गुवाहाटी की बात करें तो यहां पर गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के सामान्य तापमान से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, मेघालय की राजधानी शिलांग में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 4.9 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से ऊपर था। अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में गुरुवार को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मणिपुर की राजधानी इंफाल में तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
क्षेत्रीय वैज्ञानिक सुनीत दास ने कहा, ‘यह मॉनसून का सीजन है। इसके बावजूद यहां पर आसमान साफ है और बारिश नहीं हो रही है। लोग गर्मी और उमस से काफी परेशान हैं।’ उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी से कोई नमी नजर नहीं आ रही, जिसके चलते कम बादल छा रहे हैं। मौसम कार्यालय के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों तक ऐसी स्थिति बने रहने की संभावना है। हालांकि, 23 या 24 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। लू और गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए वाकई यह राहत भरी खबर है।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पर नजर डालें तो यहां बीते कुछ दिनों से बारिश जारी है। इसकी वजह से गुरुवार को न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह विगत 14 साल में सितंबर में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पिछले 14 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार,बृहस्पतिवार के न्यूनतम तापमान ने 13 सितंबर को दर्ज 21.4 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आंकड़ों के मुताबिक 2022 में इसी अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी के मुताबिक मानसून दिल्ली से वापसी की कगार पर है लेकिन शहरवासी अंतिम कुछ दिन बारिश का आनंद ले सकेंगे।