नीलामी में रोहित,कोहली-बुमराह में से किस पर होती पैसों की बारिश? कैफ ने सबको चौंकाया

इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन की नीलामी दिसंबर के मध्य में अबू धाबी में होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस बार छोटी नीलामी होगी, जिसमें कुछ खिलाड़ियों की खरीददारी पर फैंस की नजर रहेंगी। नीलामी से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को लेकर एक अंदाजा लगाया है कि अगर ये खिलाड़ी काल्पनिक नीलामी में शामिल होते हैं तो सबसे ज्यादा कीमत किसे मिलेगी। कैफ के जवाब ने सभी फैंस को हैरान कर दिया है।

मोहम्मद कैफ ने यह तर्क देते हुए तीनों खिलाड़ियों के मूल्य का आकलन किया है कि फ्रेंचाइजी प्रदर्शन और रणनीतिक आवश्यकता को सबसे ऊपर रखेंगी। मोहम्मद कैफ ने कहा, ”इन तीनों में से, जसप्रीत बुमराह को सबसे ज्यादा रुपये मिलेंगे। क्योंकि बुमराह जैसे गेंदबाज किसी पीढ़ी में एक बार ही आता है। वह जिस तरह अपनी टीम के लिए काम करते हैं वह शानदार है। बतौर बल्लेबाज विराट जैसे दूसरे मिल जाएंगे। लेकिन विराट बतौर ब्रॉन्ड बढ़ता रहेगा। इन दिनों विराट ब्रांड का मूल्य बहुत अधिक है।”

उन्होंने आगे कहा, ”देखिए, जो भी फ्रेंचाइजी आईपीएल में शामिल होती है या टीम खरीदती है, वे यहां बिजनेस करने आएं हैं। उन्हें पैसे लगाएं हैं, इसलिए वे पैसे कमाना चाहते हैं। ये सीधी बात है। वे यहां किसी पर एहसान करने या खिलाड़ियों को निखारने नहीं आए हैं; ये सब बकवास है। वे यहां बिजनेस करने आए हैं।” कैफ ने बताया कि रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर में कभी भी किसी एक सीजन में 600 या 700 रन नहीं बनाए हैं, जबकि विराट कोहली ने यह आंकड़ा कई बार पार किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि रोहित को उनके अनुभव और कप्तानी के कौशल के कारण नीलामी में ज्यादा अंक मिलते हैं।

दुबई (2023) और जेद्दा (2024) के बाद यह लगातार तीसरी बार होगा जब नीलामी विदेश में आयोजित की जाएगी। नीलामी का आयोजन 15 या 16 दिसंबर को होने की संभावना है। अधिकारी ने कहा, ‘‘अबू धाबी को नीलामी स्थल के रूप में चुना गया है।’’ पिछले साल सऊदी अरब में हुई मेगा नीलामी के बाद यह एक छोटी नीलामी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *